Prateek Yadav Death Postmortem Report: समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पुत्र और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की अचानक मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है. बुधवार सुबह हुई इस हाई-प्रोफाइल मौत के मामले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक यादव की मौत पल्मोनरी थ्रोम्बोएम्बोलिज्म यानी फेफड़ों की नसों में खून का बड़ा थक्का फंसने से हुई. डॉक्टरों ने बताया कि शरीर के निचले हिस्से में बना खून का थक्का ऊपर जाकर फेफड़ों की धमनियों में अटक गया, जिससे अचानक ऑक्सीजन सप्लाई रुक गई और कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स हो गया. कुछ ही मिनटों में उनकी सांसें थम गईं.
‘सगे भाई से ही सबसे बड़ी दुश्मनी…’आखिर क्यों अर्जुन को मौत के घाट उतारना चाहता था कर्ण?
पोस्टमार्टम में क्या-क्या सामने आया?
सीएमओ की निगरानी में हुए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी कराई गई. रिपोर्ट में बताया गया कि प्रतीक यादव के पैरों के नाखून नीले पड़े हुए थे, जो शरीर में ऑक्सीजन की कमी की ओर इशारा करते हैं. शरीर पर कुछ चोटों के निशान भी मिले, हालांकि डॉक्टरों ने साफ किया कि ये चोटें मौत से पहले की थीं और सीधे मौत की वजह नहीं बनीं.
डॉक्टरों ने हार्ट और लंग्स के सैंपल सुरक्षित रखे हैं. विसरा भी जांच के लिए भेजा गया है, जिसके बाद मौत से जुड़े बाकी पहलुओं पर और स्पष्टता आएगी.
क्या होता है Pulmonary Embolism?
पल्मोनरी एम्बोलिज्म एक बेहद खतरनाक मेडिकल स्थिति होती है. इसमें शरीर में बना खून का थक्का नसों के जरिए फेफड़ों तक पहुंच जाता है और वहां ब्लॉकेज पैदा कर देता है. इससे फेफड़ों तक खून और ऑक्सीजन का प्रवाह रुक जाता है. दिल पर अचानक दबाव बढ़ता है और मरीज को कार्डियक अरेस्ट हो सकता है. डॉक्टरों के मुताबिक, प्रतीक यादव के मामले में क्लॉट काफी बड़ा था, जिस वजह से उनकी मौत बेहद तेजी से हुई.
पुलिस ने कमरा सील किया, मोबाइल-लैपटॉप जब्त
इस संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस भी पूरी सतर्कता बरत रही है. जिस कमरे में प्रतीक यादव मौजूद थे, उसे फिलहाल बंद कर दिया गया है. पुलिस ने उनका मोबाइल फोन और लैपटॉप भी कब्जे में ले लिया है. लखनऊ पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे परिजन उन्हें सिविल हॉस्पिटल लखनऊ लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि उस वक्त उनकी पत्नी अपर्णा यादव साथ नहीं थीं.
गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार
परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर 12:30 बजे पिपरा घाट पर किया जाएगा. इस दुखद खबर के बाद प्रदेश भर के राजनीतिक नेताओं और समर्थकों का उनके घर पहुंचना लगातार जारी है.


