Aaj Ka Mausam: मौसम देशभर में एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान समेत करीब 15 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है. ऐसे में लोगों को बेहद सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हो गया है, जिसकी वजह से चक्रवाती परिसंचरण का निर्माण हो रहा है. इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर निचले क्षोभमंडल में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है. इन मौसमी गतिविधियों का असर देश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा. पहाड़ी इलाकों में घूमने का प्लान बना रहे लोगों को मौसम की ताजा जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए, क्योंकि भारी बारिश और तेज हवाओं की वजह से यात्रा प्रभावित हो सकती है.
दिल्ली में 16 मई की शाम मौसम अचानक बदल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में शाम के समय आसमान में काले बादल छाने की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दिनभर गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम को मौसम थोड़ा राहत दे सकता है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
उत्तर प्रदेश में 16 और 17 मई को बारिश और आंधी का बड़ा असर देखने को मिल सकता है. आगरा, मथुरा, कानपुर, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, मऊ, बलिया, कौशाम्बी, फतेहपुर और बलरामपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
बिहार में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है. गया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सिवान, पटना, भोजपुर, सारण, शिवहर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार और अररिया में भारी बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक यहां 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. लोगों को बिजली गिरने और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं से सावधान रहने की सलाह दी गई है. पटना में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
झारखंड में भी तेज बारिश और तूफान का असर देखने को मिलेगा. बोकारो, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू, दुमका, गुमला, लोहरदगा, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा और रामगढ़ में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
उत्तराखंड में भारी बारिश और तेज आंधी की प्रबल संभावना जताई गई है. बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, नैनीताल, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है. यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा के तेज झोंके चल सकते हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा. कांगड़ा, चंबा, मंडी, ऊना, बिलासपुर, सोलन और शिमला में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पर्यटन स्थल मनाली में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
पंजाब के अमृतसर, मोहाली, बठिंडा, मनसा, कपूरथला, मोगा, बरनाला और लुधियाना में भी भारी बारिश और आंधी की संभावना है. मौसम विभाग ने यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है.
राजस्थान में अलवर, बाड़मेर, धौलपुर, जोधपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर और हनुमानगढ़ में बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
वहीं मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश नहीं बल्कि भीषण गर्मी लोगों को परेशान करेगी. धार, विदिशा, रायसेन, बालाघाट, गुना, छतरपुर, रीवा, देवास, सिंगरौली और सीधी में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. यहां 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं. भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें तथा बिजली चमकने के समय सावधानी बरतें. खासतौर पर किसानों और यात्रियों को मौसम अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने की जरूरत है.
aa

