Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत इस समय पूरी तरह मौसम के बदलते मिजाज की चपेट में है. कई राज्यों में बेमौसम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ आंधी का असर देखने को मिल रहा है. दिन के तापमान में गिरावट के कारण लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जो मार्च के महीने में असामान्य माना जाता है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले कुछ घंटों तक हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है. इस दौरान आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि का खतरा भी जताया गया है.
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम और ज्यादा सक्रिय है. मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं. यहां 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों तक इन इलाकों में खराब मौसम बने रहने की चेतावनी दी है.
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी असर
स्काईमेट के अनुसार 21 मार्च को असम, सिक्किम, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड में मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना है. दक्षिण भारत के भी एक-दो राज्यों में बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग का कहना है कि इन गतिविधियों के चलते दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है.
दिल्ली-एनसीआर: गर्मी के बीच लौटी ठंड
दिल्ली-एनसीआर में पिछले तीन दिनों से मौसम सुहावना बना हुआ है. तेज हवाओं और हल्की बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है. दिन और रात दोनों के तापमान में कई डिग्री की कमी आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग ने यहां येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ घंटों में गरज-चमक, आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है. साथ ही बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है.
21 मार्च तक यहां न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री और अधिकतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. अच्छी बात यह है कि फिलहाल लू चलने की कोई संभावना नहीं है. बारिश और तेज हवाओं के कारण हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है और AQI करीब 130 तक पहुंच गया है.
पंजाब-हरियाणा: ठंडक के साथ फसलों को नुकसान
पंजाब और हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम पूरी तरह बदल गया है. जहां एक ओर लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है. तेज आंधी, भारी बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं समेत कई फसलों को नुकसान पहुंचा है. तापमान में गिरावट के कारण दिन में भी ठंड जैसा माहौल है. चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.
हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, महेंद्रगढ़, फरीदाबाद, हिसार, गुरुग्राम, फतेहाबाद, भिवानी, रेवाड़ी और पानीपत सहित कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली और कई जगह ओले गिरे.
राजस्थान पंचायत चुनाव पर सस्पेंस बरकरार! होंगे या फिर टलेंगे? जानें अपडेट
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी हिस्से में मौसम का असर
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को ठंड का एहसास हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, संभल, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, औरैया और कानपुर के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
बिहार: कई जिलों में अलर्ट
बिहार में भी मौसम का असर जारी है. पिछले 48 घंटों में कई जिलों में आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है. 21 मार्च को मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया और बांका में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का खतरा है.
राजस्थान: कुछ हिस्सों में बारिश जारी
राजस्थान में पिछले 72 घंटों से मौसम राहत भरा बना हुआ है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है. बीकानेर के नोखा में सबसे ज्यादा 25 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर और जयपुर संभाग में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है.
मध्य प्रदेश: 30 जिलों में अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी मौसम बदला हुआ है. कई जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है. मौसम विभाग ने बताया कि भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत करीब 30 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
16 हवाई अड्डे, 16 हजार किमी रेल नेटवर्क… एक्सप्रेसवे का जाल! 9 साल में ऐसे बदला उत्तर प्रदेश
दक्षिण भारत: प्री-मानसून के संकेत
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में आंधी-बारिश की घटनाएं सामने आई हैं. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी मौसम सक्रिय है. देश के अधिकांश हिस्सों में इस समय मौसम अस्थिर बना हुआ है. कहीं बारिश राहत दे रही है तो कहीं आंधी और ओलावृष्टि परेशानी बढ़ा रही है. आने वाले दिनों में भी मौसम के ऐसे ही उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है.


