Aaj Ka Mausam: देशभर में मौसम एक बार फिर तेजी से बदल रहा है और अगले 48 घंटों के लिए मौसम विभाग (आईएमडी) ने बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है. कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक अलग-अलग हिस्सों में मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. दक्षिण भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर बना हुआ है, जिससे तमिलनाडु के तटीय इलाकों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं, दक्षिण के अन्य राज्यों में तापमान बढ़ने के कारण गर्मी और हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.
पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम उग्र रूप ले सकता है. असम, अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड और त्रिपुरा के साथ पश्चिम बंगाल, झारखंड, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि का खतरा भी बना रहेगा.
लौंग के उपाय: क्या लौंग से दूर हो सकती हैं परेशानियां? जानिए पंडित दिनेश की राय
उत्तरी भारत और पहाड़ी क्षेत्रों में एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसका असर अगले 72 घंटों तक रहने की संभावना है. इसके प्रभाव से शुक्रवार, शनिवार और रविवार तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. वहीं राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ आंधी-बारिश, ओले और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला है. कई जिलों में आंधीनुमा हवाओं के साथ बारिश हुई. कानपुर, सीतापुर, लखनऊ और हरदोई सहित करीब 10 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में बादल छाए रहे. प्रदेश के लगभग 30 जिलों में तेज हवाएं चलीं. मौसम विभाग ने शनिवार तक 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी भी दी गई है. इससे गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है. हालांकि, बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, लेकिन बुंदेलखंड के बांदा में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया.
दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. गुरुवार से शुरू हुआ बदलाव शुक्रवार सुबह और स्पष्ट हुआ, जब कई जगहों पर बारिश दर्ज की गई. अगले 24 घंटों में गरज-चमक के साथ हल्की आंधी और बारिश की संभावना है. उत्तरी, दक्षिणी, मध्य, पूर्वी, शाहदरा और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी धूल भरी आंधी और बारिश से मौसम सुहावना रहेगा. तापमान 17 डिग्री न्यूनतम और 30 डिग्री से नीचे अधिकतम रहने का अनुमान है.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जगहों पर हल्की बारिश हो रही है. 28 से 30 मार्च के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर, शेखावाटी और अजमेर संभाग में आंधी-बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने की संभावना है. इस दौरान ओले गिरने और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.
बिहार में अगले 7 दिनों तक मौसम में बदलाव रहेगा. किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 40-50 किमी/घंटा की हवाएं चलने की संभावना है.
घर की नकारात्मक ऊर्जा कैसे दूर करें? कानपुर के पंडित दिनेश ने बताए आसान उपाय
उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और चमोली में तेज हवाओं और बारिश का असर दिखा है, जबकि हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में 28 से 31 मार्च तक आंधी, बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी है. जम्मू-कश्मीर में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है, वहीं झारखंड में भी तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है.
देशभर में मौसम का मिजाज फिलहाल अस्थिर बना हुआ है, जहां कई हिस्सों में राहत तो कई जगहों पर सतर्क रहने की जरूरत है.


