Amroha Industrial City: उत्तर प्रदेश को देश का सबसे बड़ा औद्योगिक हब बनाने की दिशा में योगी सरकार एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है. ‘नया नोएडा’ (New Noida) की तर्ज पर अब अमरोहा जिले में एक बेहद आधुनिक और हाईटेक ‘औद्योगिक ग्रीन शहर’ विकसित करने की तैयारी तेज हो गई है. अमरोहा की हसनपुर तहसील में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 5500 बीघा (लगभग 140 हेक्टेयर से अधिक) भूमि पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारा जा रहा है.
यूपी के किसानों के लिए बड़ी सौगात! जल्द तैयार होगा गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे, मुआवजे की तैयारी शुरू
अमरोहा में बनेगा नया औद्योगिक शहर
अमरोहा जिले की हसनपुर तहसील में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे करीब 5500 बीघा भूमि पर नया हाईटेक औद्योगिक ग्रीन सिटी विकसित करने की तैयारी चल रही है. यह परियोजना ‘नया नोएडा’ की तर्ज पर बनाई जाएगी, जहां आधुनिक उद्योग, व्यापारिक केंद्र और शहरी सुविधाएं विकसित होंगी. इससे अमरोहा को प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक जिलों में शामिल करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
10 गांव होंगे परियोजना का हिस्सा
शुरुआत में तीन गांवों की 140 हेक्टेयर भूमि को योजना में शामिल किया गया था, लेकिन अब इसे विस्तार देते हुए कुल 10 गांवों को जोड़ा जा रहा है. इनमें मंगरौला, दौलतपुर कला, रुस्तमपुर खादर, गांगटकोला, हाकमपुर, पतेई खादर, गंगवार, बुरावली और बांसका कला जैसे गांव शामिल हैं. प्रशासन ने इन क्षेत्रों का सर्वे कर भौगोलिक और विकास संबंधी संभावनाओं का आकलन भी कर लिया है.
भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से जारी
औद्योगिक ग्रीन गलियारे के लिए चिन्हित 140 हेक्टेयर भूमि में से लगभग 65 प्रतिशत जमीन की खरीद पूरी हो चुकी है. प्रशासन का कहना है कि परियोजना के विस्तार के साथ और भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा. हालांकि किसानों की मांगों और मुआवजे से जुड़े मुद्दों के कारण आगे की प्रक्रिया में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं.
किसानों की सर्किल रेट बढ़ाने की मांग
परियोजना क्षेत्र के किसान लंबे समय से सर्किल रेट बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि मौजूदा सर्किल रेट बाजार मूल्य की तुलना में काफी कम है. ऐसे में चार गुना मुआवजा मिलने के बावजूद वे दूसरी जगह समान भूमि नहीं खरीद पा रहे हैं. किसानों ने प्रशासन से भूमि मूल्यांकन और मुआवजा नीति पर पुनर्विचार करने की मांग की है.
कासगंज-एटा को जोड़ने वाला काली नदी पर बनेगा नया पुल, 20 हजार लोगों को मिलेगा लाभ
रोजगार और विकास को मिलेगी नई रफ्तार
गंगा एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित औद्योगिक ग्रीन गलियारे के निर्माण से अमरोहा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आने की संभावना है. उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उन्हें नौकरी के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और आधारभूत सुविधाओं का भी विस्तार होगा, जिससे पूरे क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी.


