Awadh University Tree Plantation Drive: अयोध्या स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के कौटिल्य प्रशासनिक भवन सभागार में प्रदेशव्यापी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक हाइब्रिड मोड में आयोजित की गई. इसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने की.
CM योगी के दौरे से पहले भाजपा नेता हाउस अरेस्ट! स्वागत सूची में नाम, फिर भी नहीं जाने दिया
ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगामी 12 जुलाई को प्रदेश के सभी जनपदों में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का आयोजन किया जाना है. उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्धारित जिलेवार वृक्षारोपण लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के लिए सभी विभागों एवं शिक्षण संस्थानों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा. उन्होंने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
उच्च शिक्षा मंत्री ने अवध विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए सभी उच्च शिक्षा अधिकारियों को विश्वविद्यालय से मियावाकी फॉरेस्ट तकनीक के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कम स्थान में अधिक संख्या में पौधों का रोपण कर शीघ्र घना वन विकसित करने वाली यह तकनीक शहरी एवं संस्थागत परिसरों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो सकती है.
कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 3200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में एक वृहद ‘मियावाकी गार्डन’ विकसित किया जा रहा है. इस परियोजना का उद्देश्य परिसर में हरित क्षेत्र का विस्तार करना, स्थानीय प्रजातियों के पौधों को संरक्षण देना तथा विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है. उन्होंने कहा कि यह गार्डन आने वाले समय में विश्वविद्यालय परिसर की जैव-विविधता को समृद्ध करने के साथ-साथ पर्यावरणीय अध्ययन और शोध के लिए भी उपयोगी केंद्र के रूप में विकसित होगा.
कुलपति ने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री का मार्गदर्शन इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा. उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार के सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे वृक्षारोपण को केवल एक कार्यक्रम न मानकर इसे जन-आंदोलन और सामाजिक दायित्व के रूप में अपनाएं. उन्होंने सभी से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण एवं वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया. विश्वविद्यालय एवं इससे सम्बद्ध महाविद्यालयों के लिए वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत कुल 92,600 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. विश्वविद्यालय द्वारा इस लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी कर ली गई हैं. इसके लिए संबद्ध महाविद्यालय को निर्देशित भी किया जा चुका है.
योगिनी एकादशी 2026, घर पर ऐसे करें भगवान विष्णु का अभिषेक, जानें पूजा विधि, शुभ मुहूर्त और महत्व
बैठक में वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी अयोध्या डॉ. सुधा राय, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. विनोद कुमार चौधरी सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. बैठक का तकनीकी संचालन गिरीश पंत द्वारा किया गया.


