मुंबई: अभिनेता विद्युत जामवाल अपनी फिटनेस और खतरनाक स्टंट्स के लिए जाने जाते हैं. सोशल मीडिया पर भी वह अक्सर अपनी योगा प्रैक्टिस और हैरान कर देने वाली फिजिकल एक्सरसाइज की झलक दिखाते रहते हैं. लेकिन सोमवार को मुंबई में हुए स्ट्रीट फाइटर के एक खास इवेंट में उन्होंने जो किया, उसे देखकर वहां मौजूद लोग भी कुछ देर के लिए हैरान रह गए.
स्टेज पर विद्युत ने करीब 15 मिनट तक सांस रोककर योग और मेडिटेशन से जुड़ी अपनी प्रैक्टिस का प्रदर्शन किया. इस दौरान उनकी आंखों में पानी आ गया और उनका शरीर कांपता हुआ भी नजर आया. विद्युत ने बताया कि यह उनके लंबे समय से किए जा रहे योग अभ्यास और मानसिक अनुशासन का हिस्सा है.
पतंजलि योग सूत्र की तकनीक का किया जिक्र
अपनी मेडिटेशन प्रैक्टिस पूरी करने के बाद विद्युत ने बताया कि उन्होंने इसके लिए पतंजलि योग सूत्र में बताई गई एक विशेष तकनीक का इस्तेमाल किया. उनका कहना था कि इस अभ्यास ने उन्हें जिंदगी में कई अहम पड़ाव हासिल करने में मदद की है. विद्युत के मुताबिक, वह इस तरह की तकनीकों को युवाओं के साथ भी साझा करते रहे हैं. उनके लिए योग सिर्फ शरीर को फिट रखने का जरिया नहीं, बल्कि धैर्य और खुद पर नियंत्रण सीखने का माध्यम भी है.
‘रिजल्ट के पीछे मत भागो, थोड़ा रुकना सीखो’
विद्युत ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आज की जिंदगी में हर कोई लगातार किसी न किसी चीज को हासिल करने की दौड़ में लगा हुआ है. ऐसे में कभी-कभी रुकना और खुद को स्थिर करना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि रिजल्ट के पीछे भागने की जगह थोड़ा रुकना सीखना होगा. थोड़ा स्टिल होना होगा और कुछ मीनिंगफुल हासिल करना होगा.”
विद्युत ने आगे युवाओं से कहा कि रुक जाओ थोड़ा सा… हम देख रहे हैं सब लोग भाग रहे हैं, ये करना है, वो करना है. कुछ नहीं करना है यार, एक बार थम जाओ, एक बार रुक जाओ. उनके मुताबिक यही ठहराव और खुद पर नियंत्रण की क्षमता इंसान को जिंदगी में काफी आगे ले जा सकती है.
Street Fighter से हॉलीवुड में कदम रख रहे विद्युत
विद्युत जामवाल जल्द ही हॉलीवुड फिल्म Street Fighter में नजर आने वाले हैं. इस फिल्म से वह हॉलीवुड में अपना डेब्यू कर रहे हैं और इसमें वह लोकप्रिय गेमिंग कैरेक्टर धलसिम (Dhalsim) का किरदार निभा रहे हैं. विद्युत की योगा, मार्शल आर्ट्स और सालों की फिजिकल ट्रेनिंग को उनके इस किरदार के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. फिल्म 16 अक्टूबर को रिलीज होने वाली है और इसे अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी रिलीज किया जाएगा.
स्टेज पर 15 मिनट तक सांस रोककर विद्युत ने एक बार फिर दिखा दिया कि पर्दे पर उनकी फिटनेस और एक्शन के पीछे कितनी कड़ी मेहनत और मानसिक अनुशासन छिपा है.
यह भी पढ़ें- अरिजीत सिंह के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी, 2027 में देशभर में करेंगे मेगा कॉन्सर्ट, 20 साल के सफर का होगा जश्न


