अयोध्या: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर अपनी कला और समर्पण से विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया. ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के 90 छात्र-छात्राओं ने भव्य दीप प्रज्वलन के जरिए भगवान श्रीराम मंदिर की आकर्षक आकृति उकेरी थी. विद्यार्थियों ने राष्ट्रनायकों अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमाओं के समक्ष दीप सज्जा भी की थी.
यह भी पढ़ें- प्रशांत महासागर में तूफानों की तिकड़ी, 5 साल बाद अक्टूबर में एक साथ 3 सिस्टम एक्टिव
विद्यार्थियों की इस कला और निष्ठा से प्रभावित होकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से सभी 90 विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए उपहार स्वरूप अंगवस्त्र भेजे गए. कौटिल्य प्रशासनिक भवन स्थित सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया.
कुलपति ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, निष्ठा और कला के माध्यम से अवध विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा को पूरे प्रदेश में नई पहचान दिलाई है. राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर बनाई गई दीप आकृतियां अनुशासन और भारतीय संस्कृति के प्रति उनके समर्पण का प्रमाण हैं.
उन्होंने विद्यार्थियों से आगामी अयोध्या दीपोत्सव में इससे भी अधिक भव्य कलाकृतियां तैयार करने और बढ़-चढ़कर भागीदारी करने का आह्वान किया. यह टीम प्रो. सुरेंद्र मिश्रा और आशीष मिश्र के नेतृत्व में लखनऊ गई थी, जहां स्वयंसेवकों ने अपने दायित्व का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया. समारोह में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक, कुलसचिव विनय सिंह, वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ला समेत कई शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देंगे, आंदोलन से कुछ नहीं होगा – अभिजीत दीपके से बोले केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले


