Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय में ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित इस कार्यक्रम में कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने परिसर के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को ‘कैंपस टोबैको फ्री’ (तंबाकू मुक्त परिसर) बनाने की गंभीर शपथ दिलाई.
यह केवल औपचारिक शपथ नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी: कुलपति
अपने मुख्य उद्बोधन में कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने इस संकल्प के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज विश्व तंबाकू निषेध दिवस के इस अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर पर, हम सबने मिलकर विश्वविद्यालय परिसर को पूरी तरह से ‘तंबाकू मुक्त’ बनाने का एक दृढ़ संकल्प लिया है. यह केवल एक औपचारिक शपथ नहीं है, बल्कि हमारे स्वास्थ्य, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति एक गंभीर जिम्मेदारी है.
उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान समाज को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं. यदि हम एक स्वस्थ और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करना चाहते हैं, तो उसकी शुरुआत हमारे युवाओं को व्यसन मुक्त बनाने से होनी चाहिए. तंबाकू का सेवन न केवल किसी एक व्यक्ति के जीवन को अंधकार में धकेलता है, बल्कि पूरे परिवार और अंततः समाज को खोखला कर देता है.
छात्र और शिक्षक हैं समाज के ‘चेंज मेकर्स’
कुलपति ने विश्वविद्यालय की सामाजिक जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि जब हमारा कैंपस तंबाकू मुक्त होगा, तभी हम समाज को इस बुराई से लड़ने की प्रेरणा दे पाएंगे. हमारे छात्र और शिक्षक इस समाज के ‘चेंज मेकर्स’ (बदलाव के संवाहक) हैं. एक स्वस्थ कैंपस ही एक समृद्ध राष्ट्र का मजबूत आधार बन सकता है.
कौन-कौन मौजूद रहा?
इस अवसर पर मुख्य नियंता प्रो. एस एस मिश्र, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. मृदुला मिश्रा प्रो आशुतोष सिन्हा, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र, धर्मराज, रामाशीष सहित एनसीसी कैडेट्स के साथ विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा यूनिट उपस्थित रही.


