Uttarakhand News: उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान किया है. छात्रों को टैबलेट खरीदने के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक और डिजिटल शिक्षा से जोड़ना है.
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ अभियान के तहत चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद के दौरान यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार कर रही है और विद्यार्थियों को तकनीक से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के पास बनेगा नया औद्योगिक हब, 700 हेक्टेयर जमीन चिह्नित, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
छात्रों की मांग पर लिया फैसला
सीएम धामी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर बताया कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ रहे कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब खरीदने के लिए डीबीटी के जरिए धनराशि दी जाएगी. इससे छात्रों को तकनीक और ज्ञान हासिल करने के नए अवसर आसानी से मिल सकेंगे.
3 लाख छात्रों से मांगे गए थे सुझाव
‘कैसा हो मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेश के करीब तीन लाख कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्रों को जोड़ा गया था. विद्यार्थियों से उत्तराखंड के भविष्य को लेकर सुझाव मांगे गए थे. इस अभियान में छात्रों की ओर से कुल 2,67,744 विचार और सुझाव ऑनलाइन पोर्टल के जरिए दिए गए. इनमें से बेहतर सुझाव देने वाले छात्रों का चयन किया गया और अभियान के अंतिम चरण में उन्हें मुख्यमंत्री के साथ सीधे संवाद का अवसर मिला.
पर्यटन से लेकर पलायन तक छात्रों ने रखे विचार
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने छात्रों के विचारों और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनके विजन की सराहना की. उन्होंने कहा कि छात्र पर्यटन, पर्यावरण, आपदा प्रबंधन, स्थानीय योजना और पलायन जैसे विषयों पर गंभीरता से सोच रहे हैं. छात्रों की ओर से ‘नॉलेज बैंक’ बनाने का सुझाव भी दिया गया, जिसे मुख्यमंत्री ने उपयोगी बताया.
बेहतर सुझाव देने वाले छात्रों को 2 लाख तक की स्कॉलरशिप
अभियान में सबसे बेहतर सुझाव देने वाले छात्रों को 12वीं के बाद करियर की तैयारी और कोचिंग के लिए दो लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति देने का प्रावधान भी किया गया है.
छात्रों को बताया ‘इन-जी’
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने छात्रों को ‘इन-जी’ यानी इंडियन जनरेशन कहा. उन्होंने कहा कि युवाओं की नई सोच, बड़े सपने और आत्मविश्वास ही नए और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं.


