Bank Holiday Update: क्या सोमवार 4 मई को बैंक बंद रहेंगे? इसे लेकर लोगों में काफी कन्फ्यूजन है, क्योंकि इसी दिन कई राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजे आने हैं. दरअसल, 4 मई को असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित किए जाएंगे. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस वजह से बैंकों में छुट्टी रहेगी?
अगर Reserve Bank of India के आधिकारिक कैलेंडर पर नजर डालें, तो स्पष्ट है कि सोमवार 4 मई को बैंक बंद नहीं रहेंगे. चुनाव नतीजों के कारण किसी भी राज्य में बैंक हॉलिडे घोषित नहीं किया गया है. यानी देशभर में बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे और सभी सेवाएं जारी रहेंगी.
एसी चला रहे हैं तो सावधान! ये संकेत नजरअंदाज किए तो हो सकता है ब्लास्ट
सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी
वहीं Election Commission of India के अनुसार 4 मई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी. सबसे पहले डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गिनती होगी, जिसके बाद ईवीएम के वोटों की गणना की जाएगी. नतीजे दोपहर या शाम तक सामने आने की संभावना है.
इन चुनावों में सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल पर रहेगी, जहां मुख्यमंत्री Mamata Banerjee की पार्टी तृणमूल कांग्रेस सत्ता बचाने की कोशिश में है, जबकि भाजपा कड़ी चुनौती दे रही है. इन नतीजों का असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है.
मई 2026 में बैंक हॉलिडे कब-कब?
मई महीने में बैंकों की कई छुट्टियां तय हैं, जिनमें साप्ताहिक अवकाश और त्योहार शामिल हैं. 1 मई को मजदूर दिवस के कारण बैंक बंद रहे. इसके अलावा 3, 10, 17, 24 और 31 मई को रविवार होने के कारण पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे.
9 मई को दूसरा शनिवार और रवींद्रनाथ टैगोर जयंती के चलते छुट्टी रहेगी, जबकि 23 मई को चौथे शनिवार का अवकाश रहेगा.
इसके अलावा कुछ राज्यों में विशेष अवसरों पर भी बैंक बंद रहेंगे. 16 मई को राज्य दिवस के कारण कुछ जगहों पर अवकाश रहेगा. 26 मई को काजी नजरुल इस्लाम जयंती के मौके पर छुट्टी रहेगी. वहीं 27 और 28 मई को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के चलते ज्यादातर राज्यों में बैंक बंद रहेंगे.
ऐसे में बैंक से जुड़े जरूरी काम करने से पहले अपने राज्य की छुट्टियों की सूची जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके.


