Delhi Lakshmi Yojana: दिल्ली की महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता देने की शुरुआत हो गई है. योजना की पहली किस्त भी लाभार्थियों के खाते में पहुंचनी शुरू हो गई है. करीब दो साल के इंतजार के बाद शुरू हुई इस योजना का मकसद जरूरतमंद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ें- UP को मिलेगी नई रफ्तार, गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के लिए 88 गांवों में जमीन अधिग्रहण तेज
किसे मिलेगा हर महीने ₹2500 का फायदा
दिल्ली लक्ष्मी योजना के तहत हर परिवार से पात्र सबसे बड़ी महिला सदस्य को लाभ दिया जाना है. आधिकारिक पोर्टल के अनुसार आवेदक महिला की उम्र आवेदन की तारीख पर 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए. परिवार की सालाना आय ₹2.50 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए. महिला का दिल्ली की निवासी होना भी जरूरी है. इसके अलावा आवेदक के तीन से ज्यादा बच्चे नहीं होने चाहिए.
योजना के लिए आवेदन करने वाली महिला के पास आधार कार्ड और दिल्ली वोटर आईडी समेत निर्धारित दस्तावेज होने चाहिए. संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सांसद या विधायक का एंडोर्समेंट लेटर भी जरूरी दस्तावेजों में शामिल है.
ऐसे करें दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन
अगर आपने अभी तक योजना के लिए आवेदन नहीं किया है तो ऑनलाइन पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है. आवेदन की प्रक्रिया इस तरह है.
- सबसे पहले दिल्ली लक्ष्मी योजना के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं.
- Apply या New Registration के विकल्प पर क्लिक करें.
- आधार नंबर, नाम और जन्मतिथि जैसी जानकारी दर्ज करें.
- मोबाइल नंबर डालकर OTP के जरिए लॉगिन करें.
- इसके बाद ईमेल आईडी और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी भरें.
- दिल्ली में निवास से जुड़े जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- परिवार के सदस्यों की जानकारी सावधानी से दर्ज करें.
- संबंधित सांसद या विधायक का हस्ताक्षरित समर्थन पत्र अपलोड करें.
- आवेदन को सबमिट करने से पहले पूरी जानकारी अच्छी तरह जांच लें.
- फॉर्म सबमिट करने के बाद acknowledgement receipt डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें.
दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग ने भी योजना के आवेदन के लिए आधिकारिक पोर्टल उपलब्ध कराया है.
पूरे ₹2500 एक साथ खाते में नहीं आएंगे
यह बात लाभार्थियों के लिए समझना जरूरी है कि योजना की ₹2,500 की पूरी राशि सामान्य बैंक बैलेंस के रूप में एक साथ उपलब्ध नहीं होती. मौजूदा जानकारी के अनुसार ₹1,000 की राशि CBDC यानी डिजिटल रुपया वॉलेट के माध्यम से दी जाती है, जबकि ₹1,500 की राशि फिक्स्ड डिपॉजिट में रखी जाती है. रिपोर्ट के अनुसार इस ₹1,500 की FD राशि तीन साल बाद ब्याज के साथ मिलने की व्यवस्था है.
CBDC वॉलेट में मिलने वाली राशि को सामान्य नकद की तरह ATM से निकालने की सुविधा नहीं है. इसका इस्तेमाल डिजिटल भुगतान के लिए किया जा सकता है.
बैंक खाता भी होना चाहिए जरूरी
दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ पाने के लिए आवेदक का सक्रिय बैंक खाता होना जरूरी है. आधिकारिक पोर्टल पर CBDC इकोसिस्टम से जुड़े कई बैंकों की सूची दी गई है, जिनमें SBI, ICICI Bank, Canara Bank, Axis Bank, PNB, HDFC Bank, Bank of Baroda, Union Bank समेत अन्य बैंक शामिल हैं.
इसलिए आवेदन करने से पहले बैंक खाते की जानकारी और बाकी दस्तावेजों को सही तरीके से तैयार रखना जरूरी है. गलत जानकारी या अधूरे दस्तावेज के कारण आवेदन की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है.
आवेदन करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन करते समय आधार, वोटर आईडी, बैंक खाते की जानकारी, फोटो, हस्ताक्षर और निवास से जुड़े दस्तावेज तैयार रखें. आवेदन पूरा होने के बाद acknowledgement नंबर या रसीद संभालकर रखें, क्योंकि आगे आवेदन की स्थिति देखने में इसकी जरूरत पड़ सकती है.
योजना की पात्रता और आवेदन से जुड़ी जानकारी में बदलाव होने की स्थिति में लाभार्थियों को दिल्ली सरकार के आधिकारिक पोर्टल की जानकारी को प्राथमिकता देनी चाहिए.


