लखनऊ: यूपी में रोडवेज यात्रियों के लिए सफर जल्द और आरामदायक होने वाला है. डीजल से चलने वाली पुरानी बसों की जगह अब नई AC इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारने की तैयारी है. लखनऊ से बनारस, प्रयागराज और बहराइच के बीच पहले चरण में 20 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. खास बात यह है कि ये बसें एक बार फुल चार्ज होने के बाद करीब 300 से 350 किलोमीटर तक चल सकेंगी.
250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तैयारी
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुख्यालय स्तर पर करीब 250 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इनमें से 20 बसें लखनऊ क्षेत्र से संचालित करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है. योजना के तहत लखनऊ से तीन प्रमुख मार्गों को पहले चरण में चुना गया है. इनमें लखनऊ-प्रयागराज, लखनऊ-बनारस और लखनऊ-बहराइच रूट शामिल हैं. अधिकारियों के मुताबिक, ई-बसों का संचालन करीब तीन महीने के भीतर शुरू होने की उम्मीद है.
पुरानी जनरथ बसों की जगह आएंगी ई-बसें
वर्ष 2016 में रोडवेज बेड़े में शामिल की गईं AC जनरथ बसें अब धीरे-धीरे अपनी निर्धारित उम्र पूरी कर रही हैं. जैसे-जैसे ये बसें बेड़े से बाहर होंगी, उनकी जगह इन मार्गों पर AC इलेक्ट्रिक बसें चलाने की योजना है. इससे यात्रियों को पुराने डीजल वाहनों के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक और अपेक्षाकृत पर्यावरण अनुकूल यात्रा का विकल्प मिलेगा.
किस रूट पर कितनी बसें?
पहले चरण में प्रस्तावित बसों का संचालन इस तरह किया जाएगा, लखनऊ-प्रयागराज 16 बसें, लखनऊ-बनारस 2 बसें, लखनऊ-बहराइच 2 बसें ई-बसों में 3×2 सीटिंग व्यवस्था होगी.
कितना होगा किराया?
प्रस्तावित किराया करीब ₹1.64 प्रति यात्री प्रति किलोमीटर के हिसाब से रखा गया है. इसके आधार पर अनुमानित किराया. लखनऊ से प्रयागराज 336 रुपये, लखनऊ से बनारस 475 रुपये, लखनऊ से बहराइच 210 रुपये निर्धारित किया गया है, अंतिम किराया परिवहन निगम की ओर से तय किए जाने के बाद स्पष्ट होगा.
यात्रियों का सफर होगा बेहतर और सुरक्षित
परिवहन निगम के लखनऊ क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन के मुताबिक, 20 नई AC इलेक्ट्रिक बसों के संचालन का प्रस्ताव निगम मुख्यालय भेजा गया है. उन्होंने बताया कि ई-बसें उन्हीं मार्गों पर चलाने की योजना है, जहां वर्तमान में AC जनरथ बसों का संचालन हो रहा है. ई-बसों के आने से यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ आरामदायक सफर मिलने की उम्मीद है.
रक्षाबंधन पर महिलाओं को रोडवेज और सिटी बस में फ्री यात्रा
वहीं, रक्षाबंधन के मौके पर यूपी सरकार ने महिलाओं और बहनों को तीन दिनों तक रोडवेज और सिटी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है. महिलाएं 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगी. उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री का किराया भी माफ रहेगा. यह सुविधा साधारण बसों के साथ AC और इलेक्ट्रिक बसों में भी लागू होगी.
सारनाथ UNESCO World Heritage List में शामिल, भारत की विरासत संपदा का आंकड़ा 45 पहुंचा
पहले से टिकट बुक कराने वाली महिलाओं को भी मिलेगा लाभ
जिन महिलाओं ने 27 से 29 अगस्त के बीच यात्रा के लिए पहले ही पैसे देकर टिकट बुक करा लिया है, उन्हें भी मुफ्त यात्रा योजना का लाभ मिलेगा. परिवहन निगम के मुताबिक, ऐसे यात्रियों को टिकट का पैसा 31 अगस्त के बाद बैंक खाते में वापस किया जाएगा. यानी एक तरफ यूपी रोडवेज अपने बेड़े को डीजल बसों से इलेक्ट्रिक बसों की ओर ले जाने की तैयारी कर रहा है, वहीं रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा देकर यात्रियों को बड़ी राहत भी दी गई है.


