Gold-Silver Crash: सोना और चांदी की कीमतों में बीते सप्ताह जो गिरावट देखने को मिली, उसने निवेशकों को चौंका दिया है. Gold-Silver Price Crash इतना तेज़ रहा कि एक ही झटके में दोनों कीमती धातुएं रिकॉर्ड स्तर से लुढ़क गईं. हालात ऐसे बने कि चांदी एक दिन में ही 30 प्रतिशत से ज्यादा टूट गई, जबकि सोना भी करीब 17 प्रतिशत तक फिसल गया. इस भारी गिरावट के बाद उम्मीद की जा रही थी कि बाजार कुछ संभलेगा, लेकिन बजट वाले दिन हालात और ज्यादा बिगड़ते नजर आए.
दरअसल, इस बार बजट रविवार को पेश किया जा रहा है. इसी वजह से शेयर बाजार के साथ-साथ कमोडिटी मार्केट MCX पर भी ट्रेडिंग जारी है. जैसे ही बाजार खुला, सोना-चांदी की कीमतों में फिर से जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई. ओपनिंग के साथ ही 1 किलो चांदी की कीमत में करीब 27,000 रुपये की गिरावट आ गई, वहीं सोना भी चांदी के नक्शे-कदम पर चलते हुए धड़ाम हो गया और इसके दामों में 9,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली.
दिहाड़ी मज़दूर, छात्र और दुकानदार, निभाते हैं रामायण के किरदार, पढ़िए ‘हमारी रामलीला’ की अनोखी कहानी
बजट वाले दिन फिर टूटी चांदी
पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को ही सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी. खास बात यह है कि इससे ठीक एक दिन पहले गुरुवार को चांदी ने इतिहास रच दिया था. MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गई थी. गुरुवार को चांदी का भाव 4,20,048 रुपये प्रति किलो के नए लाइफ टाइम हाई तक पहुंच गया था.
लेकिन यह खुशी ज्यादा देर टिक नहीं सकी. अगले ही कारोबारी दिन चांदी भर-भराकर टूट गई. शुक्रवार को चांदी की कीमत में करीब 1.28 लाख रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई और इसका भाव फिसलकर 2,91,922 रुपये प्रति किलो पर आ गया. इसके बाद बजट वाले दिन यानी रविवार को गिरावट का सिलसिला और तेज हो गया. रविवार को चांदी की कीमत करीब 9 प्रतिशत या लगभग 27,500 रुपये और गिर गई और यह 2,65,652 रुपये प्रति किलो पर आ गई.
इस तरह देखा जाए तो सिर्फ दो कारोबारी सत्रों में ही चांदी निवेशकों को बड़ा झटका दे चुकी है. जो निवेशक ऊपरी स्तरों पर खरीदारी कर बैठे थे, उनके लिए यह गिरावट किसी सदमे से कम नहीं रही.
सोना भी खुलते ही हुआ धड़ाम
चांदी की तरह ही सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई. MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना गुरुवार को रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था. उस दिन सोने का भाव 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऐतिहासिक स्तर को छू गया था. लेकिन इसके बाद बाजार की दिशा अचानक पलट गई.
शुक्रवार को सोने में भारी बिकवाली देखने को मिली और इसका दाम 42,247 रुपये प्रति 10 ग्राम टूटकर 1,50,849 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. वहीं बजट वाले दिन रविवार को जैसे ही MCX पर ट्रेडिंग शुरू हुई, सोने की कीमत में फिर से जोरदार गिरावट देखने को मिली. ओपनिंग के साथ ही सोना 8.80 प्रतिशत से ज्यादा फिसल गया और 13,500 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट के साथ इसका भाव घटकर 1,38,634 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया.
इस तरह कुछ ही दिनों में सोना अपने रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे आ चुका है. लगातार दो सत्रों की इस गिरावट ने बाजार में डर का माहौल पैदा कर दिया है.
पहले से जताई जा रही थी गिरावट की आशंका
बजट इस बार रविवार को पेश किया जा रहा है, इसलिए आम छुट्टी के दिन भी कमोडिटी मार्केट में ट्रेडिंग हो रही है. बाजार जानकारों के मुताबिक, सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी. बीते सप्ताह आई तेज गिरावट के चलते निवेशकों का सेंटीमेंट पहले ही कमजोर हो चुका था.
ऐसा माना जा रहा था कि रिकॉर्ड स्तरों से आई भारी गिरावट के बाद निवेशक और ट्रेडर्स बजट डे पर बड़े पैमाने पर बिकवाली कर सकते हैं. वायदा कारोबार शुरू होते ही यह अनुमान सही साबित होता नजर आया. बाजार खुलते ही सोना और चांदी दोनों में जोरदार सेलिंग देखने को मिली, जिससे कीमतें और नीचे फिसल गईं.
विशेषज्ञों का मानना है कि बीते कुछ समय में सोना-चांदी में आई तेज तेजी के बाद मुनाफावसूली स्वाभाविक थी. लेकिन जिस तरह से कीमतें गिरी हैं, उसने शॉर्ट टर्म में बाजार की चाल को पूरी तरह बदल दिया है. अब निवेशकों की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में कीमतें स्थिर होती हैं या गिरावट का दौर अभी और लंबा चलेगा.
नकली दूध की मलाई से बनता है घी? सच्चाई जानकर चौंक जाएंगे
निवेशकों के लिए क्या है संकेत
सोना और चांदी को लंबे समय से सुरक्षित निवेश माना जाता रहा है. लेकिन हालिया गिरावट ने यह साफ कर दिया है कि कमोडिटी मार्केट में भी उतार-चढ़ाव का जोखिम हमेशा बना रहता है. खासकर वायदा बाजार में छोटे निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है, अगर वे बिना रणनीति के निवेश करते हैं.
बजट के बाद बाजार की दिशा साफ होने की उम्मीद है. अगर निवेशकों का भरोसा लौटता है, तो कीमतों में कुछ रिकवरी देखने को मिल सकती है. वहीं अगर बिकवाली का दबाव बना रहा, तो सोना-चांदी में और कमजोरी भी आ सकती है.
नोट: सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश करने से पहले किसी भी तरह का फैसला लेने से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट या वित्तीय सलाहकार की सलाह जरूर लें.


