Petrol Diesel Price Hike: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी भारी उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब सीधे भारतीय उपभोक्ताओं पर दिखाई देने लगा है. सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी. लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों के बजट पर अतिरिक्त दबाव बना दिया है.
यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब बीते शुक्रवार यानी 15 मई को ही तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बड़ी वृद्धि की थी. एक ही सप्ताह में दूसरी बार हुई इस बढ़ोतरी ने आम आदमी, ट्रांसपोर्ट सेक्टर और व्यापारिक गतिविधियों पर असर डालना शुरू कर दिया है.
क्या अब कम बिजली खर्च करने पर भी ज्यादा बिल आएगा?
मिडिल ईस्ट तनाव से बढ़ा दबाव
बाजार विशेषज्ञों और तेल उद्योग से जुड़े सूत्रों के अनुसार वैश्विक स्तर पर जारी कूटनीतिक और सैन्य तनाव इस बढ़ोतरी की सबसे बड़ी वजह है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण ‘हॉर्मुज़ स्ट्रेट’ मार्ग पर तेल आपूर्ति बाधित होने की आशंका लगातार बनी हुई है.
यह समुद्री मार्ग दुनिया में तेल आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है. इसी कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल की कीमतें लगातार 100 डॉलर प्रति बैरल के पार बनी हुई हैं. बढ़ती कीमतों से भारतीय तेल कंपनियों की लागत में भारी इजाफा हुआ है.
विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले सप्ताह हुई 3 रुपये की बढ़ोतरी के बाद भी कंपनियों को पूरी राहत नहीं मिली थी. कंपनियों को लागत और बिक्री मूल्य के बीच बने बड़े अंतर यानी अंडर-रिकवरी का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में मंगलवार को एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ी.
चारों महानगरों में नए रेट लागू
मंगलवार सुबह से देश के चार प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें लागू हो गई हैं-
दिल्ली
राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है. वहीं डीजल 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया है.
मुंबई
मुंबई में पेट्रोल की कीमत 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर हो गई है. वहीं डीजल 94 पैसे महंगा होकर 94.08 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है.
कोलकाता
कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई. यहां पेट्रोल 96 पैसे महंगा होकर 109.70 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल 94 पैसे बढ़कर 96.07 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है.
चेन्नई
चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं डीजल की कीमत 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर दर्ज की गई है.
महंगाई बढ़ने की आशंका
विशेषज्ञों का मानना है कि एक ही सप्ताह में ईंधन कीमतों में करीब 4 रुपये तक की संचयी बढ़ोतरी का सबसे बड़ा असर माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर पड़ेगा. डीजल महंगा होने से ट्रकों और परिवहन सेवाओं की लागत बढ़ जाएगी.
इसके चलते फल, सब्जियां, खाद्यान्न और अन्य जरूरी वस्तुओं की ढुलाई महंगी होगी, जिसका असर खुदरा बाजार में दिखाई दे सकता है. आने वाले दिनों में रोजमर्रा के सामानों की कीमतों में बढ़ोतरी होने की आशंका जताई जा रही है.
जनकपुरी से द्वारका जाने वालों को बड़ी राहत! दिल्ली में बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर
आगे भी बढ़ सकते हैं दाम
आर्थिक जानकारों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव कम नहीं हुआ और क्रूड ऑयल 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बना रहा, तो तेल कंपनियां आने वाले दिनों में और भी चरणबद्ध बढ़ोतरी कर सकती हैं. फिलहाल लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है और लोग अब हर दिन बदलते रेट्स पर नजर बनाए हुए हैं.
aa

