Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. पीएम मोदी की विपक्ष पर की गई टिप्पणी के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को पलटवार किया. उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हैं और उसी के सहारे सत्ता में बने हुए हैं. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को खुली बहस की चुनौती भी दी.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर क्या कहा?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने लिखा, “श्री मोदी, देश से झूठ बोलना बंद कीजिए. आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं. आपकी वित्तीय व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों द्वारा नियंत्रित और समर्थित है. विदेशी सोशल मीडिया भी आपका पूरा समर्थन करता है.”
राहुल गांधी ने आगे प्रधानमंत्री को इन आरोपों पर खुली बहस की चुनौती दी. उन्होंने कहा कि बहस किसी भी मंच पर और किसी भी समय हो सकती है. राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री इस चुनौती को स्वीकार नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें उनके पास मौजूद जानकारी का डर है.
पीएम मोदी ने विपक्ष को बताया था अवरोध पक्ष
दरअसल, राहुल गांधी का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा था. पीएम मोदी ने गुजरात के नर्मदा जिले के एकतानगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह को संबोधित किया था.
इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा था कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी सरकार की नीतियों का विरोध करना है, लेकिन दुर्भाग्य से विपक्ष अब ‘विरोध पक्ष’ के बजाय ‘अवरोध पक्ष’ बन गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश के विकास के रास्ते में बाधाएं पैदा कर रहा है और संविधान की गरिमा को कमजोर करने में लगा है.
विदेशों में भारत विरोधी ताकतों से संपर्क का उठाया था सवाल
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कुछ ताकतों पर देश को बांटने की साजिश करने का आरोप भी लगाया था. उन्होंने सवाल उठाया कि विदेशों में कौन किससे गुप्त मुलाकात कर रहा है और भारत विरोधी ताकतें किन लोगों का समर्थन कर रही हैं.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग, अफवाह फैलाने और भारत की छवि खराब करने की कोशिशों पर भी चिंता जताई थी. उन्होंने देशवासियों से ऐसी चुनौतियों का मिलकर मुकाबला करने की अपील की थी.
पीएम मोदी के इसी बयान के बाद राहुल गांधी ने विदेशी मदद को लेकर उन पर पलटवार किया है. दोनों नेताओं के बीच इस बयानबाजी से देश की राजनीति में नया सियासी विवाद खड़ा हो गया है.
यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट के पास बनेगी ‘सिंगापुर सिटी’, योगी सरकार के प्रस्ताव पर निवेशकों की मुहर, दो कंपनियों से हुआ MoU
यह भी पढ़ें- ₹500 के अंदर ये 10 दिवाली Gifts, हर किसी के लिए कुछ खास


