ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है.यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (EPE) को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित इंटरचेंज जल्द शुरू होने की उम्मीद है.इसके चालू होने के बाद फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई शहरों से आगरा, मथुरा, कानपुर और लखनऊ की ओर सफर आसान हो जाएगा.साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना भी तेज और सुविधाजनक हो सकता है.रिपोर्ट्स के अनुसार, इंटरचेंज का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है.इसे सितंबर तक तैयार करने और अक्टूबर से वाहनों के लिए खोलने की तैयारी की जा रही है.हालांकि, इसकी अंतिम शुरुआत निर्माण कार्य पूरा होने और संबंधित मंजूरी पर निर्भर करेगी.
लखनऊ को मिली बड़ी सौगात, दिलकुशा ROB निर्माण शुरू; जाम से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा के ट्रैफिक से मिलेगी राहत
वर्तमान में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे एक-दूसरे को क्रॉस करते हैं, लेकिन दोनों के बीच सीधी कनेक्टिविटी नहीं है.ऐसे में यात्रियों को एक एक्सप्रेसवे से दूसरे एक्सप्रेसवे तक पहुंचने के लिए ग्रेटर नोएडा के परी चौक, कासना और सिरसा जैसे इलाकों से होकर गुजरना पड़ता है.इस वजह से यात्रियों को करीब 15 से 20 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है और लगभग 20 से 25 मिनट का अतिरिक्त समय लगता है.पीक ऑवर्स में ग्रेटर नोएडा के ट्रैफिक जाम के कारण यह समय और भी बढ़ जाता है.नया इंटरचेंज शुरू होने के बाद यात्रियों को ग्रेटर नोएडा के भीतर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंचा जा सकेगा.
जेवर एयरपोर्ट पहुंचना होगा आसान
इस इंटरचेंज का सबसे बड़ा फायदा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मिलने की उम्मीद है.हरियाणा के फरीदाबाद, गुरुग्राम और पलवल जैसे शहरों से आने वाले यात्री ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जरिए सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे.वहीं, मेरठ, गाजियाबाद और बागपत समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई शहरों से आने वाले यात्रियों को दिल्ली और नोएडा के ट्रैफिक में फंसे बिना जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा.
8-लूप क्लोवरलीफ इंटरचेंज से होगी निर्बाध आवाजाही
यह इंटरचेंज जगनपुर-अफजलपुर गांव के पास बनाया जा रहा है.यह स्थान यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.प्रस्तावित व्यवस्था में 8-लूप क्लोवरलीफ इंटरचेंज, 4 एंट्री रैंप और 4 एग्जिट रैंप शामिल हैं.इसके जरिए यात्रियों को बिना रेड लाइट और बिना कट के विभिन्न दिशाओं में आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है.
Pink Saheli Smart Card बनवाने का मौका, 17 सितंबर तक पिंक टिकट से मुफ्त सफर की सुविधा
इन शहरों को होगा सीधा फायदा
इंटरचेंज शुरू होने के बाद फरीदाबाद, गुरुग्राम, पलवल, मेरठ, बागपत और गाजियाबाद से आने-जाने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा. इसके साथ ही मथुरा, आगरा, इटावा, कानपुर और लखनऊ की दिशा में यात्रा करने वालों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी.यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के बीच यह सीधा लिंक शुरू होने के बाद हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आगरा और लखनऊ की ओर यात्रा करने वाले लोगों का समय बचेगा.साथ ही ग्रेटर नोएडा के व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की भी उम्मीद है.


