लखनऊ: राजधानी लखनऊ में दिलकुशा रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से प्रस्तावित ओवरब्रिज (ROB) के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। विक्रमादित्य मार्ग स्थित लेवल क्रॉसिंग संख्या-213 यानी दिलकुशा क्रॉसिंग पर चार लेन के आरओबी का निर्माण शुरू होने जा रहा है। निर्माण कार्य से जुड़ी बाधाओं को दूर करने का काम मंगलवार से शुरू होगा। इसके चलते इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। करीब 650 मीटर लंबे और चार लेन के इस आरओबी के बनने से लगभग तीन लाख लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे सुलतानपुर रोड, हजरतगंज, लालबत्ती चौराहा और कटाई पुल की ओर आने-जाने वाले लोगों को राहत मिलेगी.
Pink Saheli Smart Card बनवाने का मौका, 17 सितंबर तक पिंक टिकट से मुफ्त सफर की सुविधा
आज से बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
निर्माण कार्य को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों के आवागमन के लिए डायवर्जन लागू किया है। पिपराघाट से गौतमपल्ली जाने वाला यातायात दिलकुशा तिराहे से बाएं मुड़कर कटाई पुल, लालबागी चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा होते हुए आगे जाएगा। अर्जुनगंज मार्ग से दिलकुशा तिराहे की ओर आने वाले वाहन गौतमपल्ली की तरफ नहीं जा सकेंगे। उन्हें दिलकुशा तिराहे से बाएं मुड़कर कटाई पुल, लालबत्ती चौराहा और बंदरियाबाग चौराहा होकर जाना होगा। बंदरियाबाग चौराहे से दिलकुशा तिराहे की ओर जाने वाले वाहन सीधे इस मार्ग से नहीं जा सकेंगे। इन्हें बैंडीखेड़ा चौराहे से बाएं मुड़कर कटाई पुल तिराहा और दिलकुशा चौराहा होते हुए पिपराघाट या अर्जुनगंज बाजार की ओर जाना होगा। डायवर्जन को सुचारु रखने के लिए रेलवे और कार्यदायी संस्था की ओर से बैरिकेडिंग के साथ दिशा-सूचक और सूचना बोर्ड लगाए गए हैं.
लालबत्ती और कटाई पुल के जाम से मिलेगी राहत
दिलकुशा क्रॉसिंग पर आरओबी बनने के बाद लालबत्ती चौराहे और कटाई पुल मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। फिलहाल रेलवे क्रॉसिंग बंद होने की आशंका में हजरतगंज से सुलतानपुर रोड जाने वाले वाहन कटाई पुल होकर निकलते हैं। इससे लालबत्ती और कटाई पुल के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। आरओबी बनने के बाद वाहनों को दिलकुशा क्रॉसिंग के ऊपर से सीधे सुलतानपुर रोड की ओर जाने का रास्ता मिल जाएगा। इससे लालबत्ती और कटाई पुल पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी.
Sarkari Naukri 2026: 29 हजार से ज्यादा सरकारी पदों पर मौका, 10वीं पास से ग्रेजुएट तक करें आवेदन
तीन साल में ही बंद हुआ चारबाग का रेल कोच रेस्टोरेंट
उधर, चारबाग रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में चल रहा रेल कोच रेस्टोरेंट बंद हो गया है। बताया जा रहा है कि ग्राहकों की संख्या कम होने और कारोबार में अपेक्षित लाभ नहीं मिलने के कारण संचालक ने इसे बंद किया है। रेलवे ने पुराने रेल कोच को आकर्षक रूप देकर करीब तीन साल पहले स्टेशन परिसर में रेस्टोरेंट के रूप में विकसित किया था। इसे पांच साल के संचालन के लिए ठेके पर दिया गया था, लेकिन तीन साल में ही इसका संचालन बंद करना पड़ा। रेस्टोरेंट शुरू करने का उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में अलग तरह का खानपान और रेल से जुड़ा अनूठा अनुभव देना था। शुरुआत में यहां ग्राहकों की अच्छी संख्या पहुंची, लेकिन समय के साथ ग्राहक कम होते गए। कारोबार में मुनाफा नहीं होने के कारण अंततः संचालक ने रेस्टोरेंट बंद कर दिया.


