गुरुग्राम: मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन और मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. प्रस्तावित स्टेशन मुख्य चौराहों से दूर बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है, ताकि यात्रियों के आने-जाने से सड़कों पर ट्रैफिक जाम की समस्या न बढ़े. इस संबंध में गुरुवार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के अधिकारियों के बीच बैठक हुई.
बैठक में प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन के रूट, स्टेशनों की लोकेशन और भविष्य में बनने वाले अंडरपास व फ्लाईओवर पर चर्चा की गई. अधिकारियों का जोर इस बात पर रहा कि स्टेशन और सड़क नेटवर्क की योजना इस तरह तैयार हो, जिससे सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिलने के साथ मुख्य सड़कों पर यातायात भी सुचारु बना रहे.
इफ्को चौक से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तक स्टेशनों की लोकेशन पर चर्चा
GMDA के मुख्य अभियंता प्रवीण चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में NCRTC के अधिकारियों ने गुरुग्राम-फरीदाबाद और नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर की जानकारी साझा की. गुरुग्राम में इफ्को चौक से डॉ. बीआर अंबेडकर मार्ग, आरडी सिटी रोड से गोल्फ कोर्स रोड और घाटा से गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के रास्ते नमो भारत ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है.
बैठक में GMDA अधिकारियों ने सुझाव दिया कि इफ्को चौक से गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन और मेट्रो के स्टेशन मुख्य चौराहों से हटकर बनाए जाएं. इससे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही के कारण व्यस्त सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से रोका जा सकेगा.
अंडरपास और फ्लाईओवर को ध्यान में रखकर तैयार होगा डिजाइन
प्रस्तावित कॉरिडोर के डिजाइन को अंतिम रूप देने से पहले NCRTC के अधिकारियों ने संबंधित सड़क मार्गों पर भविष्य में बनने वाले अंडरपास और फ्लाईओवर की जानकारी जुटाई. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नमो भारत ट्रेन और मेट्रो के स्टेशन तथा अन्य ढांचागत निर्माण भविष्य की सड़क परियोजनाओं के अनुरूप हों.
यदि स्टेशन की लोकेशन और सड़क नेटवर्क के बीच बेहतर तालमेल बनाया जाता है, तो यात्रियों को स्टेशन तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है. साथ ही, वाहनों की आवाजाही और सार्वजनिक परिवहन के संचालन के बीच टकराव कम करने में मदद मिल सकती है.
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में GMDA के अधीक्षण अभियंता जगदीश सौरोत, कार्यकारी अभियंता अमित गोदारा, शेखर नांदल और राकेश दीपक समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. फिलहाल, स्टेशन की अंतिम लोकेशन और परियोजना के डिजाइन को लेकर विचार-विमर्श जारी है. अब संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय और आगामी निर्णयों के आधार पर स्पष्ट होगा कि गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन और मेट्रो के स्टेशन कहां बनाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें- दिल्ली की 1200 हाउसिंग सोसायटियों की बदलेगी सूरत! FAR 160 से बढ़कर 300 होगा, 70% सहमति जरूरी


