India Weather Alert: उत्तर भारत से लेकर पूर्वी भारत तक मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है. India Meteorological Department (IMD) ने होली से पहले मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक होली से 24 घंटे पहले और 4 मार्च 2026 को कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ इलाकों में हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. मध्य भारत में भी तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना जताई गई है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है.
3 चीजें जो घर में नहीं होनी चाहिए, वरना कभी नहीं टिकेगा सुख-शांति और पैसा
पूर्वोत्तर की बात करें तो असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 3 मार्च को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 4 से 8 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की आशंका है. हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 मार्च को तथा उत्तराखंड में 8 मार्च को हल्की बारिश हो सकती है. पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 3 मार्च को तेज बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. वहीं बिहार, झारखंड और ओडिशा में 3 मार्च को लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
दिल्ली में होली के दिन मौसम सामान्य रहने की संभावना है. 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. सुबह हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दोपहर में तापमान बढ़ेगा. अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 17 डिग्री रहने का अनुमान है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 मार्च को हल्की बूंदाबांदी से तापमान 1 से 2 डिग्री कम हो सकता है. लखनऊ में अधिकतम 32 और न्यूनतम 16 डिग्री रहने की संभावना है. बिहार में होली के दिन मौसम साफ रहेगा, हालांकि कुछ जिलों में तापमान बढ़ सकता है.
पहाड़ी इलाकों में होली के दिन मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 7 और 8 मार्च से बदलाव देखने को मिल सकता है. मनाली में अधिकतम तापमान 5 डिग्री और न्यूनतम माइनस 6 डिग्री रह सकता है. मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है. भोपाल और जयपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है. पिछले 24 घंटों में कई राज्यों में अधिकतम तापमान 34 से 37 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री के बीच रहा.


