India Weather Alert: देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियों के शुरुआती संकेत दिखाई देने लगे हैं. मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में पिछले कुछ दिनों से साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इसके प्रभाव से अगले कुछ घंटों में कई स्थानों पर बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. वहीं पूर्वोत्तर भारत में असम और अरुणाचल प्रदेश पर एंटीसाइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर देखा जा रहा है, जिससे बादलों की आवाजाही बढ़ी है और वर्षा के संकेत मिल रहे हैं.
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 27 और 28 फरवरी को उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की तीव्रता बढ़ सकती है. कुछ स्थानों पर बारिश की भी संभावना है. इस दौरान बर्फीली हवाएं चलने से कड़ाके की ठंड महसूस होगी. इसके विपरीत उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब जैसे उत्तर भारतीय राज्यों में फिलहाल मौसम साफ रहने और न्यूनतम व अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं, जिससे गर्मी का एहसास बढ़ रहा है.
रमजान में जंग की आहट! ईरान-अमेरिका टकराव चरम पर, ट्रंप पर भड़कीं इल्हान उमर
दिल्ली-एनसीआर में इस समय मौसम सुहावना बना हुआ है. सुबह धूप निकलने से दिन में हल्की गर्माहट महसूस हो रही है. सप्ताहांत में आसमान साफ रहने का अनुमान है. अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है. शनिवार को पालम में 14.5 डिग्री, लोधी रोड में 12.9 डिग्री और रिज क्षेत्र में 14.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने का अनुमान है. हल्की हवाएं चलने से वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार देखा गया है और एक्यूआई करीब 185 दर्ज किया गया है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार 0-50 अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी मानी जाती है.
उत्तराखंड में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिससे ऊंचाई वाले जिलों- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज हवाओं के साथ बादल छाए रहने, मेघ गर्जन, हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है. गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है. मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहेगा, हालांकि कहीं-कहीं आंशिक बादल छा सकते हैं.
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में भी 27 और 28 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम खराब रहने की आशंका है. कुल्लू, मनाली, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा में अगले 36 घंटों के दौरान बारिश और बर्फबारी हो सकती है. धर्मशाला में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है. हालांकि राज्य के मैदानी भागों में तापमान बढ़ रहा है और धूप के कारण मौसम सुहावना बना हुआ है.
दक्षिण भारत में मौसम
दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. तमिलनाडु, केरल, दक्षिण कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी है. कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. समुद्री क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
तापमान की बात करें तो दक्षिण भारत के कई शहरों कुरनूल, अनंतपुर, सलेम, मदुरै, इरोड, अकोला, अमरावती, सौराष्ट्र और राजकोट में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. उत्तर भारत में राजस्थान के बाड़मेर और फलोदी में तापमान 35 डिग्री तक दर्ज किया गया है. अन्य राज्यों में यह 30 डिग्री के आसपास बना हुआ है.
Barmer Crude Oil Leak: बाड़मेर में 4 दिन से जमीन से निकल रहा कच्चा तेल, क्या है असली वजह?
देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान बढ़ने का दौर शुरू हो चुका है. हिमालयी राज्यों में बर्फबारी से ठंड बरकरार है, लेकिन मैदानी इलाकों में गर्मी धीरे-धीरे पैर पसार रही है. आने वाले सप्ताह में तापमान और बढ़ने के आसार हैं.


