Lucknow-Nainital Expressway: उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को एक नया आयाम देने की तैयारी शुरू हो गई है. स्टेट कैपिटल रीजन (SCR) प्रोजेक्ट और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के इंटीग्रेटेड इंफ्रास्ट्रक्चर प्लान के तहत राज्य को दो बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात मिलने जा रही है. इसके तहत लखनऊ को उत्तराखंड और नेपाल सीमा से जोड़ने के लिए 300 किलोमीटर लंबे गोमती एक्सप्रेस-वे का खाका तैयार किया गया है. साथ ही, लखनऊ में 6000 एकड़ भूमि पर एक भव्य नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी बनाया जाएगा.
गोमती एक्सप्रेस-वे: नैनीताल और नेपाल जाना होगा आसान
लखनऊ से उत्तराखंड और नेपाल बॉर्डर की दूरी को कम करने के लिए गोमती एक्सप्रेस-वे की योजना बनाई गई है. इस परियोजना की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) को सौंपी गई है.
अनुमानित लागत: ₹13,670 करोड़
कुल लंबाई: 300 किलोमीटर
निर्माण कार्य साल 2027 में शुरू होगा और 2036 तक पूरा करने का लक्ष्य है.
किसे मिलेगा फायदा?
सएक्सप्रेस-वे से प्रसिद्ध दुधवा नेशनल पार्क, हल्द्वानी और नैनीताल के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे न केवल पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि रूट पर पड़ने वाले जिलों में औद्योगिक विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी.
सीधे अमेरिका-यूरोप की उड़ानें होंगी मुमकिन
बढ़ते हवाई यातायात और वैश्विक कनेक्टिविटी को देखते हुए लखनऊ में एक अत्याधुनिक और भव्य नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का प्रस्ताव है. भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा संचालित इस बड़ी परियोजना को LDA के ‘विजन प्लान 2036’ में शामिल किया गया है.
अनुमानित लागत: ₹12,800 करोड़
क्षेत्रफल: 6000 एकड़
खासियत (4.7 किमी लंबा रनवे): वर्तमान अमौसी हवाई अड्डे का रनवे केवल 2.72 किलोमीटर का है, जो बड़े अंतरराष्ट्रीय विमानों के लिए पर्याप्त नहीं है. नया 4.7 किमी लंबा रनवे बनने से लखनऊ से सीधे अमेरिका, यूरोप और अन्य दूरस्थ देशों के लिए सीधी उड़ानें संभव हो सकेंगी.
अमौसी एयरपोर्ट बनेगा कार्गो हब: नया एयरपोर्ट बनने के बाद मौजूदा चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (अमौसी) को पूरी तरह से देश के सबसे आधुनिक कार्गो टर्मिनल में तब्दील कर दिया जाएगा, जिससे लॉजिस्टिक्स और व्यापार को भारी गति मिलेगी.
‘मेरी किसी पत्नी ने धर्म नहीं बदला…’ ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर आमिर खान का बड़ा बयान
जल्द शुरू होगी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया
LDA के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, इन सभी योजनाओं का शासन के समक्ष प्रेजेंटेशन हो चुका है. गोमती एक्सप्रेस-वे के लिए रूट फाइनल करने और जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है. इन दोनों मेगा प्रोजेक्ट्स के पूरे होने से न केवल आम जनता का आवागमन सुगम होगा, बल्कि उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति को भी एक नई रफ्तार मिलेगी.


