Prayagraj News: प्रयागराज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए इनर रिंग रोड के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसी क्रम में सर्वे का काम भी आरंभ हो चुका है.
300 हेक्टेयर भूमि का होगा अधिग्रहण
इनर रिंग रोड के दूसरे फेज में चार तहसीलों सदर, सोरांव, करछना और कौशाम्बी की चायल की करीब 300 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित की जाएगी. लगभग 25 गांव इस परियोजना से प्रभावित होंगे. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तीन महीने में पूरी करने का लक्ष्य है, जबकि इसी अवधि में डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) भी तैयार कर ली जाएगी.
होली की सौगात या अधूरी राहत? दिल्ली-यूपी में मुफ्त सिलेंडर का ऐलान, लेकिन सबको नहीं मिलेगा फायदा!
48 किलोमीटर लंबी सड़क और बड़े निर्माण कार्य
दूसरे चरण में 48 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी. इस फेज में गंगा पर 3.5 किलोमीटर और यमुना पर 1.2 किलोमीटर लंबा पुल प्रस्तावित है. इसके अलावा चार फ्लाईओवर, तीन आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) और करीब 120 छोटे अंडरपास भी बनाए जाएंगे. योजना है कि डीपीआर को मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाए और दो साल में इसे पूरा किया जाए.
पहले चरण के कार्य
रीवा रोड (मिर्जापुर रोड) से एसएनएच-2 (सहसों बाईपास) तक करीब 29.466 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. इसमें कई अंडरपास और फ्लाईओवर शामिल हैं. वहीं नैनी और झूंसी को जोड़ने वाले सिक्स-लेन फ्लाईओवर (पुल) और उससे जुड़ी सड़क का निर्माण जारी है. गंगा नदी पर लगभग 3.2 किलोमीटर लंबे पुल का करीब 51 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है.
मोदी-नेतन्याहू की गर्मजोशी से बढ़ी हलचल, इजरायल-भारत की नजदीकियों पर पाकिस्तान क्यों बेचैन?
जमीनों की बढ़ी कीमत
परियोजना की घोषणा के बाद प्रभावित गांवों में जमीनों की कीमतों में तेजी आई है. स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क और पुल निर्माण से क्षेत्र में व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे जमीनों की मांग और बढ़ेगी. परियोजना निदेशक एनएचएआई एसके सिंह के अनुसार, दूसरे फेज को लेकर भूमि अधिग्रहण की तैयारियां शुरू हो गई हैं. चार तहसीलों की भूमि अधिग्रहित की जाएगी और तीन महीने में डीपीआर तैयार कर ली जाएगी. इनर रिंग रोड का दूसरा चरण पूरा होने के बाद प्रयागराज शहर को जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.


