Onion Raita Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही तापमान तेजी से बढ़ने लगता है. तेज धूप, लू और गर्म हवाएं शरीर को थका देती हैं और डिहाइड्रेशन की समस्या भी बढ़ने लगती है. ऐसे में खानपान में ठंडी तासीर वाली चीजों को शामिल करना बेहद जरूरी हो जाता है. कच्चा प्याज गर्मियों में लू से बचाने के लिए बेहद असरदार माना जाता है. अगर इसे ठंडे दही के साथ मिलाकर रायता बना लिया जाए, तो यह स्वाद और सेहत, दोनों के लिए बेहतरीन विकल्प बन जाता है.
प्याज का रायता सिर्फ खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि शरीर को ठंडक देने में भी मदद करता है. दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं, वहीं प्याज शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में सहायक होता है. यह कॉम्बिनेशन गर्मी में लू से बचाने, शरीर को हाइड्रेट रखने और पेट को ठंडक देने के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है. यही वजह है कि इसे समर डाइट में शामिल करना एक स्मार्ट और हेल्दी विकल्प हो सकता है.
राजस्थानी दही मिर्ची का देसी जादू! एक बार खाएंगे तो भूल नहीं पाएंगे स्वाद
कैसे बनाएं प्याज रायता
अगर आप भी घर पर झटपट और स्वादिष्ट रायता बनाना चाहते हैं, तो इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं है. सबसे पहले 2 कप ताजा दही लें और उसे अच्छे से फेंटकर स्मूद बना लें. अब इसमें 2 मध्यम आकार के बारीक कटे हुए प्याज डालें. स्वाद को थोड़ा तीखा बनाने के लिए 2 बारीक कटी हरी मिर्च भी इसमें मिलाएं.
पुदीने की पत्तियां हाथ से मसलकर डालें
इसके बाद इसमें आधा छोटा चम्मच काला नमक, 1 छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार सेंधा नमक डालें. इन मसालों से रायते का स्वाद और भी बढ़ जाता है. अब इसमें पुदीने की पत्तियां हाथ से मसलकर डालें, जिससे रायते में ठंडक और फ्रेशनेस आ जाती है.
10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें
सभी सामग्री को अच्छे से मिलाने के बाद इसे 10 से 15 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. इससे प्याज दही का स्वाद अच्छी तरह सोख लेता है और रायता और भी स्वादिष्ट बन जाता है. जब भी आप इसे परोसें, तो ठंडा-ठंडा सर्व करें. यह न सिर्फ आपके खाने का मजा बढ़ाएगा बल्कि गर्मी में शरीर को राहत भी देगा.
राधिका मारू की वायरल ट्रिक: एक साथ 7 खस्ता गुजिया बनाने का आसान तरीका
खुद को ठंडा और तरोताजा रख सकते
इस तरह प्याज का रायता एक आसान, हेल्दी और टेस्टी डिश है, जिसे आप अपनी रोजमर्रा की डाइट में शामिल कर सकते हैं और गर्मियों में खुद को ठंडा और तरोताजा रख सकते हैं.


