Prayagraj News: संगम नगरी प्रयागराज में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है. नगर निगम की ओर से झूंसी के कनिहार क्षेत्र में 150 एकड़ से अधिक जमीन पर Biodiversity Park विकसित करने की योजना बनाई गई है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 136 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. पार्क को सिर्फ हरियाली और पौधारोपण तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि यहां स्थानीय पेड़-पौधों, पक्षियों और जैव विविधता के संरक्षण पर विशेष जोर होगा. नगर निगम के मुताबिक करीब एक महीने में टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.
यह भी पढ़ें- PMAY-U 2.0: सरकार ने 18.77 लाख घरों को दी मंजूरी, 6 राज्यों को मिलेगा लाभ
प्राकृतिक वातावरण में मिलेगा सुकून
महापौर और नगर आयुक्त ने शुक्रवार को सदन की बैठक में प्रस्तावित पार्क की जानकारी दी. उनका कहना है कि Biodiversity Park को शहरवासियों के लिए प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा. यहां स्थानीय और औषधीय पौधों की अलग-अलग प्रजातियां लगाई जाएंगी. पार्क को इस तरह विकसित करने की योजना है कि लोगों को प्रकृति के करीब रहने का अनुभव मिले और स्थानीय जैव विविधता को भी संरक्षित किया जा सके.
पक्षियों और तितलियों के लिए बनेगा अनुकूल माहौल
पार्क में पक्षियों और तितलियों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. इसके लिए जलाशय, छोटे तालाब और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं. प्राकृतिक जल निकासी की व्यवस्था से भी क्षेत्र में पानी का संतुलन बनाए रखने और स्थानीय जीव-जंतुओं के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी.
Nature Path से लेकर योग-ध्यान स्थल तक
बायोडायवर्सिटी पार्क में लोगों की सुविधा के लिए कई तरह की व्यवस्थाएं विकसित की जा सकती हैं. इनमें Nature Path यानी पैदल चलने के लिए प्रकृति पथ, बैठने के लिए स्थान और छायादार क्षेत्र, पेयजल और शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के लिए Nature-based Activity Area, योग और ध्यान के लिए विशेष स्थल, साइकिल पथ, खुले और हरित क्षेत्र शामिल हो सकते हैं.
प्रदूषण और तापमान कम करने में भी मदद
पार्क में बड़े पैमाने पर हरियाली विकसित होने से शहर के पर्यावरण को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. अधिक पेड़-पौधों और खुले हरित क्षेत्र से स्थानीय तापमान और प्रदूषण को कम करने में मदद मिल सकती है. वहीं, तालाब और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं जल संरक्षण को बढ़ावा देंगी.
यह भी पढ़ें- Badri Cow OPU-IVF Calf: उत्तराखंड की बद्री गाय में IVF तकनीक से स्वस्थ बछड़ी का जन्म
कनिहार को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी
नगर निगम की योजना कनिहार क्षेत्र को एक प्रमुख Tourism Destination के रूप में विकसित करने की भी है. Biodiversity Park इस योजना का अहम हिस्सा होगा. 150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाला यह पार्क भविष्य में प्रयागराज के लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है. परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू होने के बाद इसके स्वरूप और सुविधाओं को लेकर तस्वीर और साफ होगी.


