Rajasthan Weather: राजस्थान में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. गुरुवार को जयपुर शहर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के कई हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे. कुछ क्षेत्रों में झमाझम बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई. बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
इन संभागों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के अनुसार 20 मार्च को अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इन क्षेत्रों में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है.
गुरूग्राम-नोएडा की राह पर यूपी का ये जिला! बन रहा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का हब, खुलेगा रोजगार का पिटारा
वहीं जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार जताए गए हैं. 21 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 22 मार्च को बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में एक बार फिर हल्की बारिश हो सकती है.
दो सप्ताह तक बारिश का असर
मौसम विभाग ने 20 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक के लिए दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है. इसके अनुसार पहले सप्ताह में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है.
दूसरे सप्ताह में भी कई क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की जा सकती है. इससे मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी का असर कम महसूस होगा. यह बदलाव प्रदेशवासियों के लिए राहत भरा माना जा रहा है.
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र ने कुछ जगहों पर तात्कालिक चेतावनी जारी की है. इसके तहत प्रदेश के कई जिलों में मेघगर्जन, बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
चेतावनी में जयपुर, अजमेर, अलवर, टोंक, सवाई माधोपुर, नागौर, भरतपुर, पाली, डूंगरपुर, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, झालावाड़ और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों को शामिल किया गया है. इन क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, मेघगर्जन और 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
तापमान में गिरावट, गर्मी से राहत
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा. अगले एक सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम रहने का अनुमान है.
वहीं दूसरे सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से तापमान में और गिरावट हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की संभावना है. हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा.
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी कब होगी? सपा सांसद के पिता तुफानी सरोज ने बताई नई डेट
किसानों और आमजन को होगा फायदा
आने वाले दो सप्ताह में बीच-बीच में होने वाली बारिश से न केवल मौसम सुहावना रहेगा, बल्कि किसानों को भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है. कुल मिलाकर प्रदेश में मौसम का यह बदलाव गर्मी से राहत देने वाला साबित हो सकता है.


