Hathras News: उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. नोएडा और गुरूग्राम की तर्ज पर अब हाथरस को आधुनिक औद्योगिक शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है. ‘न्यू हाथरस 2041’ मास्टर प्लान के तहत हजारों हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल और रेजिडेंशियल जोन तैयार किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे.
डेढ़ घंटे में बहराइच से लखनऊ! 6969 करोड़ का मेगा हाईवे देगा विकास को रफ्तार
हींग की खुशबू से हाई-टेक इंडस्ट्री तक
हाथरस की पहचान लंबे समय से हींग व्यापार के बड़े केंद्र के रूप में रही है. देशभर में इस्तेमाल होने वाली हींग का बड़ा हिस्सा यहीं से सप्लाई होता है. अब One District One Product (ODOP) योजना के जरिए इस पारंपरिक उद्योग को नई ऊर्जा मिली है. स्थानीय कारोबारी मसाले, नमकीन और अन्य खाद्य उत्पादों के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार कर रहे हैं, जिससे हाथरस के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बना रहे हैं.
उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया
कनेक्टिविटी में सुधार इस विकास का अहम आधार बन रहा है. एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्गों से बेहतर जुड़ाव के चलते व्यापार और परिवहन पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है. नजदीकी एयरपोर्ट की सुविधा से कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार माल की डिलीवरी में भी तेजी आई है. खासतौर पर गुलाल उद्योग में आधुनिक तकनीक और ऑटोमेशन के इस्तेमाल ने उत्पादन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.
निवेशकों का भरोसा बढ़ाया
एमएसएमई सेक्टर में भी तेजी से विस्तार हो रहा है. जिले में हजारों छोटी और मध्यम इकाइयां सक्रिय हैं, जो स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा कर रही हैं. बेहतर बिजली आपूर्ति, मजबूत कानून-व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं में सुधार ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है.
हादसा या साजिश? कानपुर में रेलवे ट्रैक पर जलता सिलेंडर मिलने से हड़कंप, जांच में जुटीं एजेंसियां
आधुनिक औद्योगिक हब बनने की दिशा में बढ़ा कदम
इस विकास का असर सामाजिक जीवन पर भी साफ नजर आ रहा है. बेहतर सुरक्षा और सुविधाओं के चलते खासकर महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और रात के समय भी आवाजाही आसान हुई है. पारंपरिक मंडी नगर से आगे बढ़ते हुए हाथरस अब एक आधुनिक औद्योगिक हब बनने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है. अगर योजनाएं तय समय पर पूरी होती हैं, तो आने वाले वर्षों में हाथरस उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है.


