Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भयंकर गर्मी का कहर लगातार जारी है. कुछ हिस्सों में जहां राहत है, वहीं, कुछ हिस्सों में मानो आग बरस रही है. IMD के अनुसार राजस्थान में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार तेज होता जा रहा है. प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी और पूर्वी इलाकों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है.
पिछले 24 घंटों में फलोदी राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इससे पहले बाड़मेर में 48.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया था, जिसने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और दोपहर के समय सड़कें लगभग सूनी नजर आने लगी हैं.
‘सगे भाई से ही सबसे बड़ी दुश्मनी…’आखिर क्यों अर्जुन को मौत के घाट उतारना चाहता था कर्ण?
मौसम विभाग ने 14 मई को पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, बीकानेर, जैसलमेर और फलोदी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में अत्यंत ऊष्ण लहर यानी गंभीर हीटवेव और ऊष्णरात्रि (Warm Night) की स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है. विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी कई जिलों में हीटवेव का प्रभाव जारी रह सकता है. रात के समय भी तापमान में अधिक गिरावट नहीं होने से लोगों को राहत नहीं मिल रही है और गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है.
Meteorological Centre Jaipur ने बताया कि वर्तमान में उत्तर पाकिस्तान और जम्मू क्षेत्र के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके साथ ही दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के आसपास ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 मई 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिससे मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है. हालांकि इससे गर्मी से बहुत ज्यादा राहत मिलने की संभावना कम है.
अगले चार से पांच दिनों तक तीव्र हीटवेव का अलर्ट
विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. खासकर जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में अगले चार से पांच दिनों तक तीव्र हीटवेव और ऊष्णरात्रि की प्रबल संभावना बनी हुई है. दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और कुछ स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.
इन जिलों में हल्की बारिश का पूर्वानुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 48 घंटों में बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र तथा जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने की भी संभावना जताई गई है. हालांकि यह राहत अस्थायी रहने की उम्मीद है और प्रदेश में गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा.
खून का थक्का बना मौत की वजह! पोस्टमार्टम रिपोर्ट में प्रतीक यादव की मौत को लेकर बड़ा खुलासा
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें तथा बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने भी हीटवेव को देखते हुए सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है.


