Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है और अब प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में आता जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होते ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. शनिवार, 18 अप्रैल को राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और तेज धूप ने लोगों को झुलसा दिया. कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है.
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई है. खासकर पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान के जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं. प्रदेश के सबसे गर्म शहरों की बात करें तो चूरू 43.0°C के साथ सबसे ऊपर रहा. इसके अलावा बीकानेर में 42.2°C, फलोदी में 41.8°C, बाड़मेर में 41.6°C और लूणकरणसर में 41.5°C तापमान रिकॉर्ड किया गया.
‘नदियों की धरती’ कहलाता भारत का ये जिला! जहां पर बहती 97 नदियां
दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 4 से 5 दिनों तक पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में हीटवेव का असर जारी रहेगा. दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म होने लगी हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है. हालांकि बारिश की संभावना फिलहाल बेहद कम है, लेकिन तेज हवाएं अभी भी चल रही हैं. कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो गर्मी के असर को और बढ़ा सकती हैं.
राजधानी जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में भी गर्मी का असर दिखने लगा है. जयपुर, सीकर और अलवर में तापमान 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है. जयपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 39.8°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है.
हालांकि दिन में गर्मी तेज है, लेकिन कुछ शहरों में रात का तापमान अभी भी थोड़ी राहत दे रहा है. सिरोही में न्यूनतम तापमान 19.8°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. वहीं पाली में रात का तापमान 22.6°C रिकॉर्ड किया गया, जिससे वहां के लोगों को कुछ हद तक सुकून मिला.
आने वाले सप्ताह में गर्मी और अधिक प्रचंड हो सकती
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले सप्ताह में गर्मी और अधिक प्रचंड हो सकती है. तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण आसमान साफ रहेगा, जिससे सूर्य की सीधी किरणें जमीन को और ज्यादा गर्म करेंगी. ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है.


