Rajasthan Weather Update: राजस्थान में इस बार गर्मी ने तय समय से पहले ही अपनी मौजूदगी दर्ज करानी शुरू कर दी है. मार्च की शुरुआत के साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों को गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है. रविवार को जयपुर सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और तीखी हो सकती है.
सबसे ज्यादा असर पश्चिमी राजस्थान और शेखावाटी क्षेत्र में देखा जा रहा है. कई जिलों में अभी से अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. साफ आसमान और शुष्क हवाओं के कारण धूप की तीव्रता बढ़ गई है. इसका असर केवल दिन में ही नहीं, बल्कि रात के तापमान पर भी दिखाई देने लगा है. जयपुर, बाड़मेर और फलोदी में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे रात के समय भी हल्की गर्मी और उमस महसूस की जा रही है.
सोमवार को भूलकर भी न करें ये काम, बिगड़ सकता है भाग्य
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार रविवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहा. राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किए जा रहे हैं. तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो बाड़मेर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, राज्य में औसत आर्द्रता 15 से 40 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई, जो शुष्क और गर्म परिस्थितियों की ओर इशारा करती है.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर का अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा. साथ ही आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी होने की संभावना है.
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी दो दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि होली और धुलंडी के आसपास तापमान में और वृद्धि देखी जा सकती है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च के तीसरे सप्ताह तक राजस्थान के कई शहरों में लू यानी हीटवेव का दौर शुरू हो सकता है.
इनकम सर्टिफिकेट के लिए लाइन में लगना खत्म! जानें पूरा ऑनलाइन तरीका
मार्च के पहले सप्ताह में ही अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान 31 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है. विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस वर्ष मार्च में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ने की संभावना है.


