Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और आने वाले एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क बने रहने की प्रबल संभावना है। केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है, जो समय से पहले तेज गर्मी का संकेत है।
फिलहाल बाड़मेर राज्य का सबसे गर्म जिला बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो सामान्य से लगभग 4.5 डिग्री ज्यादा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में और 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
होली से पहले ‘खूनी चांद’ का खौफ या रोमांच? यूपी में दिखेगा साल का पहला चंद्र ग्रहण!
मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह गुजरात और अरब सागर के ऊपर बना ‘एंटी साइक्लोनिक फ्लो’ (Anti Cyclonic Flow) बताया जा रहा है। इस सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में शुष्क हवाएं सक्रिय हैं, जिससे बादल बनने की संभावना बेहद कम है। अनुमान है कि अगले तीन से चार दिनों में बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों में पारा 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।
राज्य में समय से पहले भीषण गर्मी की दस्तक ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के कारण दिन के समय बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। अधिकांश इलाकों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ऊपर दर्ज किए गए हैं। जहां एक ओर बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं अलवर में न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में 2 मार्च को दर्ज अधिकतम तापमान –
बाड़मेर : 37.6°C
जैसलमेर : 35.7°C
चित्तौड़गढ़ : 35.4°C
जोधपुर : 35.4°C
फलोदी : 35.4°C
वनस्थली : 35.2°C
बीकानेर : 34.8°C
जालौर : 34.6°C
लूणकरणसर : 34.5°C
नागौर : 34.1°C
जवाई डेम : 34.0°C
पिलानी : 33.9°C
कोटा : 33.7°C
चुरू : 33.7°C
अजमेर : 33.6°C
भीलवाड़ा : 33.6°C
डूंगरपुर : 33.6°C
दौसा : 33.6°C
फतेहपुर : 33.5°C
करौली : 33.3°C
पाली : 33.3°C
जयपुर : 33.2°C
प्रतापगढ़ : 33.0°C
अंता बारां : 32.6°C
सीकर : 32.0°C
डबोक : 32.1°C
झुंझुनूं : 32.1°C
श्रीगंगानगर : 31.9°C
अलवर : 30.5°C
संगरिया : 30.0°C
सिरोही : 29.9°C


