संत गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक दर्शन पर आधारित फिल्म ‘Raidas Ek Vichar’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है. यह एक devotional biographical drama होगी, जिसे हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषाओं में बनाया जाएगा. फिल्म के जरिए संत रविदास जी महाराज की शिक्षाओं और उनके विचारों को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है.
इस फिल्म के साथ ‘Mahakavya Shri Ramayan Katha’ की टीम एक बार फिर साथ आई है. निर्माताओं के अनुसार, प्रोजेक्ट भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करने की कोशिश है.
यह भी पढ़ें- ‘Love and War’ में रणबीर कपूर का दमदार फर्स्ट लुक जारी, खून से सना हाथ और रेट्रो अंदाज देख बढ़ी फैंस की एक्साइटमेंट
पोस्टर में नहीं दिखाया गया संत रविदास का चेहरा
फिल्म के पहले अनाउंसमेंट पोस्टर में मुख्य किरदार का चेहरा सामने नहीं लाया गया है. पोस्टर में संत रविदास जी महाराज को गांव के माहौल में महिला-पुरुषों की एक सभा के सामने बैठे हुए दिखाया गया है. पीछे उगता हुआ सूरज नजर आता है. फिल्म के मुख्य कलाकारों का चयन अभी पूरा नहीं हुआ है. मेकर्स संत रविदास जी महाराज का किरदार निभाने वाले कलाकार की तलाश के लिए देशभर में कास्टिंग के लिए खोज करने की तैयारी कर रहे हैं. अलग-अलग क्षेत्रों और फिल्म इंडस्ट्री से कलाकारों पर विचार किया जाएगा.
निर्माताओं का कहना है कि कलाकार का चयन सिर्फ स्टारडम के आधार पर नहीं होगा. किरदार के लिए आध्यात्मिक गहराई, सादगी, करुणा और दृढ़ता को पर्दे पर उतारने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी.
संत रविदास का संदेश हर किसी के लिए
फिल्म के निर्माता प्रकाश महोबिया छत्तीसगढ़ सर्व रविदास समाज के प्रदेश संरक्षक हैं, जबकि को-प्रोड्यूसर संजय बुंदेला सर्व रविदास समाज के संभागीय अध्यक्ष के रूप में जुड़े हुए हैं. प्रेस रिलीज के मुताबिक, समाज से उनके जुड़ाव के कारण फिल्म की जिम्मेदारी उनके लिए और भी व्यक्तिगत है.
प्रकाश महोबिया ने कहा कि संत रविदास जी महाराज का संदेश किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है. उनके मुताबिक फिल्म के जरिए समानता, गरिमा, भक्ति और मानवता से जुड़े उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने कहा कि टीम ऐसी फिल्म बनाना चाहती है जिस पर समुदाय को गर्व हो और साथ ही देश का हर दर्शक उसकी कहानी और विचारों से जुड़ सके.
देशभर में होगी मुख्य कलाकार की तलाश
संत रविदास जी महाराज का किरदार निभाने वाले कलाकार के चयन को लेकर महोबिया ने कहा कि टीम इस फैसले में जल्दबाजी नहीं करेगी. उन्होंने बताया कि कलाकार में किरदार की शांति, करुणा, दृढ़ विश्वास और आध्यात्मिक शक्ति को व्यक्त करने की क्षमता देखी जाएगी. उन्होंने कहा कि इसी वजह से मुख्य अभिनेता को फाइनल करने से पहले देशभर में कलाकारों की तलाश की जाएगी.
फिल्म सिर्फ बायोपिक नहीं होगी
को-प्रोड्यूसर संजय बुंदेला ने कहा कि संत रविदास जी महाराज की शिक्षाओं ने पीढ़ियों को प्रभावित किया है. उनके अनुसार, समुदाय से जुड़े लोगों के लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं बल्कि भावनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा प्रोजेक्ट है.
वहीं, निर्देशक अभिषेक सिंह ने कहा कि फिल्म को सिर्फ एक पारंपरिक बायोपिक के तौर पर पेश करने के बजाय संत रविदास जी महाराज के विचारों को कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया जाएगा. निर्देशक के मुताबिक, फिल्म में यह दिखाने की कोशिश होगी कि संत रविदास जी किस सामाजिक और ऐतिहासिक परिवेश में रहे, उन्होंने किन सवालों को उठाया और उनके विचार आज भी किस तरह प्रासंगिक हैं.
यह भी पढ़ें- दिल्ली को जाम से राहत! आउटर रिंग रोड पर बनेगा 6 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर
2027 में सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
मेकर्स के अनुसार, फिल्म की कहानी का कालखंड, उस दौर के लोग, संगीत और आध्यात्मिक वातावरण कहानी का अहम हिस्सा होंगे. साथ ही प्रयास रहेगा कि फिल्म की भावनाएं और विचार आज के दर्शकों से भी जुड़ सकें. ‘Raidas Ek Vichar’ की worldwide theatrical release 2027 में प्रस्तावित है. फिल्म के मुख्य कलाकारों और अन्य प्रमुख जानकारियों का ऐलान आगे किया जाएगा.


