Love and War: संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Love and War’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. गुरुवार को फिल्म के मेकर्स ने रणबीर कपूर का पहला लुक पोस्टर जारी किया. पोस्टर में रणबीर कपूर बेहद इंटेंस, रफ और रेट्रो अंदाज में नजर आ रहे हैं. पोस्टर में रणबीर एक विंटेज फिरोजी रंग की कन्वर्टिबल कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे दिखाई दे रहे हैं. उनके पीछे क्लासिक आर्किटेक्चर नजर आ रहा है, जो फिल्म के पीरियड ड्रामा होने की झलक देता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली को जाम से राहत! आउटर रिंग रोड पर बनेगा 6 लेन एलिवेटेड कॉरिडोर
खून से सना हाथ बना चर्चा का विषय
रणबीर कपूर के लुक में सबसे ज्यादा ध्यान उनके बाएं हाथ पर जाता है. कार के दरवाजे से बाहर रखा उनका हाथ चोट के निशानों और खून से सना दिखाई दे रहा है. हाथ पर गोली लगने का निशान भी नजर आता है.इसके बावजूद रणबीर के चेहरे पर एकदम शांत और गंभीर भाव हैं. यही कॉन्ट्रास्ट उनके किरदार को लेकर रहस्य और उत्सुकता बढ़ाता है.
रेट्रो लुक में दिखे रणबीर
रणबीर ने इस लुक में शॉर्ट बज कट के साथ पीछे की ओर सेट किए हुए बाल, पतली पेंसिल मूंछ और गोल सनग्लासेस पहने हैं. उन्होंने हल्के रंग की निट पोलो टी-शर्ट पहनी हुई है. उनका पूरा लुक फिल्म की पीरियड सेटिंग और पुराने दौर की झलक देता है. पोस्टर के साथ बैकग्राउंड म्यूजिक भी शेयर किया गया है, जो संजय लीला भंसाली की फिल्मों में संगीत और विजुअल्स के खास मेल की झलक देता है.
यह भी पढ़ें- दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना 2.0: ग्रामीण युवाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर
21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
‘Love and War’ में रणबीर कपूर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं. मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “वो रुतबा, वो रौब, वो जुनून! संजय लीला भंसाली की Love and War 21 जनवरी 2027 को. फिल्म को दुनियाभर में 21 जनवरी 2027 को रिलीज किया जाएगा. यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज होगी.


