UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में इस साल मार्च का महीना ही मई-जून जैसी गर्मी का एहसास कराने लगा है. होली के आसपास आमतौर पर रहने वाली हल्की गुलाबी ठंड अब लगभग गायब हो चुकी है और सूरज के तेवर समय से पहले ही तीखे हो गए हैं. रविवार, 8 मार्च को राजधानी लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में तेज धूप और गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. मौसम विभाग के अनुसार कई जगहों पर तापमान सामान्य से 3 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा रहा है, जिससे लोगों को समय से पहले गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
मार्च में ही 40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. यदि यही रफ्तार जारी रही तो मार्च के शुरुआती हफ्ते में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. बुंदेलखंड के बांदा जिले में गर्मी ने अभी से अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं, जहां पारा लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. वहीं प्रयागराज, कानपुर और आगरा जैसे शहरों में दोपहर के समय लू जैसे हालात महसूस होने लगे हैं.
चारधाम यात्रा पर जाने वाले ध्यान दें, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगी एंट्री, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
लखनऊ में कैसा है मौसम
राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ है और तेज धूप निकल रही है. मौसम केंद्र के अनुसार यहां अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. हवा में नमी का स्तर लगभग 70 प्रतिशत होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है. हालांकि रात के समय तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रहने से कुछ राहत मिल रही है, लेकिन दिन के समय तेज धूप की वजह से सड़कों पर आवाजाही अपेक्षाकृत कम हो गई है.
पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 9 मार्च को हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से मैदानी इलाकों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. खासतौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे जिलों में 9 और 10 मार्च को धूल भरी हवाओं के साथ हल्की गरज-चमक और बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है. इससे तेज गर्मी के बीच थोड़ी राहत मिल सकती है.
शादियों की दुनिया का गेम-चेंजर, हर शादी में लोग चाहते हैं लखनऊ का ‘शिवम वशिष्ठ’!
दोपहर में धूप से बचने की सलाह
गर्मी के अचानक बढ़ते असर को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. खासकर दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच तेज धूप में बाहर निकलने से बचने को कहा गया है. साथ ही शरीर में पानी की कमी न होने देने और बाहर निकलते समय सिर को ढकने की सलाह दी गई है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर जैसे जिलों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है, जिससे मौसम और अधिक शुष्क हो सकता है.


