UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है. सुबह 10 बजे के बाद ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान करने लगती हैं. दोपहर तक हालात इतने खराब हो रहे हैं कि सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है. लोग केवल जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं. मौसम विभाग ने फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं दिए हैं. विभाग के अनुसार शुक्रवार से अगले तीन दिनों तक प्रदेश में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा. इसी को देखते हुए यूपी के 43 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें 10 जिलों के लिए रेड अलर्ट और 33 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है.
NCR को मिलने जा रहा है बड़ा हाईवे नेटवर्क
कई शहरों में पारा 45 डिग्री के पार
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को प्रदेश के 26 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. बांदा लगातार पांचवें दिन सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. प्रयागराज में तापमान 46.6 डिग्री तक पहुंच गया. मध्य भारत के ऊपर बने एंटी-साइक्लोन और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में तेज गर्मी बनी हुई है.
प्रदेश के कई शहरों में तापमान 43 डिग्री से ऊपर रहा. वाराणसी बीएचयू में 45.6 डिग्री, सुलतानपुर और हमीरपुर में 45.2 डिग्री, रायबरेली के फुरसतगंज में 45.1 डिग्री, उरई में 45 डिग्री तथा झांसी और आगरा में 44.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वाराणसी एयरपोर्ट में 44.6 डिग्री, कानपुर आईएएफ में 44.2 डिग्री और मेरठ व गाजीपुर में 44 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा लखनऊ में 43.6 डिग्री और बाराबंकी में 43.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
इन शहरों में भी रही भीषण तपिश
प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा. मुजफ्फरनगर में तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बहराइच और फतेहगढ़ में 42.2 डिग्री तापमान रहा. इटावा और अयोध्या में भी पारा 42 डिग्री तक पहुंच गया. तेज धूप और लू के कारण दोपहर में बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल बना रहा.
रात में भी नहीं मिल रही राहत
दिन के साथ-साथ अब रातों में भी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है. झांसी में न्यूनतम तापमान 31.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि आगरा में रात का तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया. प्रयागराज और वाराणसी में भी न्यूनतम तापमान 29 डिग्री से ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मेरठ, गोरखपुर और बरेली समेत करीब 50 जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ यानी गर्म रात का अलर्ट जारी किया है.
धूलभरी हवाओं की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है. विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है. प्रशासन ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है.
सीएम योगी ने दिए अलर्ट रहने के निर्देश
लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत और बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए. अस्पतालों, पेयजल व्यवस्था और बिजली आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है.
भीष्म, द्रोण और कर्ण… जब टकराए इतिहास के तीन सबसे बड़े महारथी, जानें कौन था सबसे शक्तिशाली?
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करें. उन्होंने सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं, बेड, आईवी फ्लूइड और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह सक्रिय रखने को कहा गया है.
aa

