UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी ने तेज रफ्तार पकड़ ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे यह संकेत मिलने लगे हैं कि इस साल गर्मी सामान्य से ज्यादा पड़ सकती है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मार्च के दौरान राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है.
फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिजाज शांत बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार पूरे उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. अभी किसी भी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं.
शामली की बेटी ने बढ़ाया यूपी का मान, जानिए कौन हैं आस्था जैन, जिन्होंने UPSC में हासिल की 9वीं रैंक
शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई. बुंदेलखंड क्षेत्र का झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा बांदा में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और आगरा में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश में गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है.
तापमान के रुझान पर नजर डालें तो कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है. आगरा में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक विचलन रहा. वहीं अलीगढ़ में तापमान सामान्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा, जबकि उरई में यह आंकड़ा 6.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. तापमान में इस तरह की बढ़ोतरी यह संकेत दे रही है कि आने वाले दिनों में गर्मी का प्रभाव और बढ़ सकता है.
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र मौजूद नहीं है. इसी कारण मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. उन्होंने बताया कि अगले सात दिनों के दौरान प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है. यदि यही रुझान जारी रहा तो मार्च के मध्य तक प्रदेश के कई इलाकों में तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है.
महिलाओं को क्यों चाहिए ज्यादा नींद? साइंस ने बताया शरीर और दिमाग का कनेक्शन
विशेषज्ञों का कहना है कि मार्च के शुरुआती दिनों में ही इस तरह की गर्मी यह संकेत दे रही है कि आने वाले महीनों में प्रदेश में तेज गर्मी पड़ सकती है. ऐसे में लोगों को दिन के समय तेज धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जा रही है.


