UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ठंड ने जोरदार वापसी की है. तेज बर्फीली हवाओं के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है. दिन में तेज धूप से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन शाम होते ही गलन और ठिठुरन बढ़ जा रही है. लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या, उन्नाव से लेकर कानपुर और आसपास के जिलों में इसी तरह का मौसम देखने को मिल रहा है.
घने कोहरे ने बिगाड़ी रफ्तार
मुरादाबाद समेत प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है. सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. सड़कों पर वाहन लेकर निकलना मुश्किल हो गया है और विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की जा रही है.
PSLV-C62 में क्या गड़बड़ हुई? तीसरे चरण में विचलन से 16 उपग्रह प्रभावित, ISRO की तकनीक पर उठे सवाल
दिन का पारा बढ़ा, रात की ठंड बरकरार
शनिवार को प्रदेश में दिन के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन रात का तापमान अधिकांश जिलों में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है.
प्रयागराज में मौनी अमावस्या स्नान, कोहरे के बीच आस्था
प्रयागराज में रविवार को मौनी अमावस्या का स्नान पर्व घने कोहरे के बीच जारी है. ठंड और कोहरे के बावजूद श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं.
50 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश के करीब 50 जिलों में बहुत घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है. रविवार को इन जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है. अलर्ट वाले प्रमुख जिले हैं- लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली समेत करीब 50 जिले.
तराई क्षेत्रों में कोल्ड डे की चेतावनी
बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं और लखीमपुर खीरी समेत तराई क्षेत्रों में कोल्ड डे की स्थिति बनने का पूर्वानुमान जताया गया है. यहां दिन में भी ठंड का असर बना रह सकता है.
कई शहरों में जीरो विजिबिलिटी दर्ज
शनिवार को घने कोहरे के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में जीरो विजिबिलिटी रिकॉर्ड की गई. इन स्थानों पर दृश्यता शून्य रही-
आगरा एयरफोर्स स्टेशन, मुरादाबाद, अलीगढ़, सरसावा, हिंडन, बरेली एयरफोर्स, प्रयागराज एयरफोर्स, गोरखपुर एयरफोर्स, फुरसतगंज, कानपुर एयरफोर्स, आजमगढ़, वाराणसी एयरपोर्ट और बाराबंकी.
पश्चिमी विक्षोभ से लगातार बदल रहा मौसम
प्रदेश में लगातार पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जा रहा है, जिससे मौसम का मिजाज बदल रहा है. शुक्रवार को तेज बर्फीली हवाओं और हल्के बादलों के कारण दिन का पारा गिरा था, जबकि शनिवार को इसमें बढ़ोतरी दर्ज की गई. कानपुर में दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया. जनवरी में इस तरह का उतार-चढ़ाव कम ही देखने को मिलता है.
बाराबंकी में सबसे सर्द रात
शनिवार को प्रदेश में सबसे सर्द रात बाराबंकी में दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा. अन्य प्रमुख न्यूनतम तापमान-हरदोई: 3.6 डिग्री, बरेली: 4.2 डिग्री, मुजफ्फरनगर और लखनऊ: 4.4 डिग्री, अयोध्या: 4.5 डिग्री, कानपुर एयरफोर्स: 4.8 डिग्री.
8 साल पुराना पंजाबी गाना बना इंटरनेट सनसनी, भोजपुरी वर्जन ने मचाया तहलका
नोएडा-गाजियाबाद में भी कोहरे का असर, स्कूल बंद
नोएडा और गाजियाबाद में भी कोहरे और ठंड का असर देखने को मिल रहा है. भीषण ठंड को देखते हुए नोएडा में 19 जनवरी तक आठवीं कक्षा तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं.
अगले 24 घंटे भी चुनौतीपूर्ण
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 24 घंटों में भी शीतलहर और घने कोहरे का असर बना रह सकता है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता रखने की सलाह दी गई है.


