नई दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते ट्रैफिक जाम और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए दो बड़ी सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. आउटर रिंग रोड पर करीब 5.5 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा. यह कॉरिडोर करीब 12 प्रमुख चौराहों के ट्रैफिक को ऊपर से निकालते हुए उन्हें बाईपास करेगा. इसके अलावा मुकरबा चौक पर मौजूदा छह लेन के रेलवे ओवरब्रिज (ROB) को बढ़ाकर 10 लेन करने की योजना है.
यह भी पढ़ें- दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना 2.0: ग्रामीण युवाओं को कौशल, रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर
5.5 किमी लंबा होगा एलिवेटेड कॉरिडोर
मां आनंदमयी मार्ग पर आउटर रिंग रोड से महरौली-बदरपुर रोड तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबा छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य प्रमुख चौराहों पर लगने वाले जाम को कम करना और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाना है.
प्रस्तावित कॉरिडोर मां आनंदमयी मार्ग पर करीब 12 चौराहों के ट्रैफिक को बाईपास करेगा. वहीं, क्राउन प्लाजा इंटरसेक्शन पर प्रस्तावित अंडरपास और गोल चक्कर से ओखला एस्टेट मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी. परियोजना के पूरा होने के बाद ग्राउंड लेवल पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है. इसके साथ ही आनंदमयी मार्ग पर पैदल यात्रियों और नॉन-मोटराइज्ड ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी.
मुकरबा चौक पर 6 से 10 लेन होगा ROB
उत्तर-पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के प्रमुख मार्गों में शामिल मुकरबा चौक पर मौजूदा छह लेन के रेलवे ओवरब्रिज को बढ़ाकर 10 लेन किया जाएगा. इससे इस इलाके में वाहनों की आवाजाही को बेहतर करने और ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली में बनेंगे तीन नए फुटओवर ब्रिज
यात्रियों की सुरक्षा के लिए उत्तर और पश्चिमी दिल्ली में तीन नए फुटओवर ब्रिज (FOB) बनाए जाएंगे. लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इनके निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है. तीनों फुटओवर ब्रिज पर लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे बुजुर्गों, मरीजों और दिव्यांग यात्रियों को सड़क पार करने में सुविधा मिलेगी.
इन तीनों FOB के निर्माण पर करीब 11.56 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इन्हें छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दो फुटओवर ब्रिज बनाए जाएंगे. पहला पंखा रोड पर माता चानन देवी अस्पताल के पास सी-1 रेड लाइट पर और दूसरा जीवन पार्क बस स्टैंड के पास मेजर दीपक त्यागी रेड लाइट पर बनाया जाएगा. अस्पताल और बस स्टैंड के पास होने के कारण इन दोनों FOB से रोजाना बड़ी संख्या में लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है. तीसरा फुटओवर ब्रिज उत्तर दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके में बादली-बवाना रोड पर बनाया जाएगा.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भी बनेंगे FOB
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर भी दो फुटओवर ब्रिज के निर्माण की शुरुआत हुई है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को गीता कॉलोनी श्मशान घाट और रमेश पार्क के पास बनने वाले दोनों FOB की आधारशिला रखी. मंत्री के मुताबिक, गढ़ी मेंडू गांव के पास तीसरे फुटओवर ब्रिज को भी मंजूरी दे दी गई है और उसका निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा. एक्सप्रेसवे के निर्माण से पहले गीता कॉलोनी श्मशान घाट के सामने स्थित चौराहे पर रेड लाइट थी. अब पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए FOB तैयार किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें- मलकानगिरी में चक्रवात अर्नब का असर, पुलों पर 3-4 फीट पानी, NH-326 पर यातायात बाधित
इन सड़क और पैदल यात्री परियोजनाओं के पूरा होने के बाद दिल्ली के कई व्यस्त इलाकों में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है.


