AI Content Rules 2026: टेक्नोलॉजी की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की एंट्री के बाद कई काम बेहद आसान हो गए हैं. एआई अब सिर्फ फोटोज़ एडिट करने या डेटा प्रोसेस करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह डीपफेक फोटो, वीडियो और ऑडियो तैयार करने में भी इस्तेमाल हो रहा है. वहीं, कई लोग इस तकनीक का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं. एआई की मदद से मिनटों में किसी भी फोटो या वीडियो की हू-बहू नकली कॉपी तैयार की जा सकती है. सोशल मीडिया पर इसके ज़रिए फर्जी खबरें तेजी से फैलती हैं और स्कैम के कई मामले सामने आते हैं.
हालांकि अब इस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने कड़ा कदम उठाया है. सोशल मीडिया पर AI जनरेटेड कंटेंट को लेकर नए नियम लागू किए जा रहे हैं. सरकार ने 20 फरवरी से नए AI कंटेंट नियम लागू करने का नोटिफिकेशन जारी किया है. इसके तहत एआई से तैयार किए गए कंटेंट पर सख्ती बढ़ाई जाएगी.
नए नियमों के अनुसार अब डीपफेक फोटो, वीडियो और AI कंटेंट को लेकर नई गाइडलाइन्स लागू होंगी. भ्रामक या फेक पोस्ट को हटाने के लिए तय समय सीमा पहले 36 घंटे थी, जिसे अब घटाकर केवल तीन घंटे कर दिया गया है. इसके अलावा, कुछ अन्य समय सीमाओं को भी कम किया गया है. उदाहरण के लिए, पहले 15 दिन में हटाने का नियम था, जिसे अब 7 दिन कर दिया गया है. इसी तरह, 24 घंटे की डेडलाइन घटाकर 12 घंटे कर दी गई है.
सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को यह भी निर्देश दिया है कि वे ऐसे टूल्स तैयार करें, जो AI जनरेटेड कंटेंट की पहचान कर सकें. अगर कोई फोटो या वीडियो AI की मदद से तैयार की गई है, तो उसे स्पष्ट रूप से लेबल करना अब अनिवार्य होगा. कंटेंट क्रिएटर्स को यह बताना होगा कि उनका कंटेंट AI से तैयार या AI की मदद से बदला गया है.
इसके साथ ही प्लेटफॉर्म्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि AI कंटेंट में metadata या technical provenance markers मौजूद हों, ताकि यह आसानी से पता चल सके कि कंटेंट कहां से आया और किसने इसे फैलाया. सरकार का मकसद सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों पर पूरी तरह से लगाम कसना है.
कम बिजली खर्च फिर भी भारी बिल! जानिए गलत बिल का सच और शिकायत का पूरा तरीका
नए नियमों के लागू होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को कंटेंट मॉडरेशन और तकनीकी निगरानी दोनों बढ़ानी होंगी. इससे यूज़र्स को असली और नकली कंटेंट में अंतर समझने में आसानी होगी और AI के गलत इस्तेमाल पर भी लगाम लगेगी. AI से कंटेंट बनाना अब सिर्फ क्रिएटिविटी का खेल नहीं रहेगा, इसमें जवाबदेही और कानूनी जिम्मेदारी भी जुड़ जाएगी.


