India Weather Alert: मार्च की शुरुआत के साथ ही देशभर में मौसम ने तेज करवट ली है और होली के मौके पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है. कहीं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट है. वहीं कई राज्यों में गर्मी ने समय से पहले ही लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है.
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पांच राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है. ऐसे में होली के दिन मौसम का यह डबल अटैक लोगों की तैयारियों और योजनाओं पर असर डाल सकता है. दिन में चिलचिलाती धूप, शाम को तेज हवाएं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं. सवाल उठ रहा है कि आखिर मार्च की शुरुआत में ऐसा अस्थिर मौसम क्यों देखने को मिल रहा है?
इस राज्य की महिलाओं को सरकार का बड़ा तोहफा! अब नहीं देना होगा ब्याज, सीधे मिलेगा ऋण
IMD के अनुसार उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर जा सकता है. इसके साथ ही कुछ राज्यों में आंधी और बारिश की स्थिति भी बन रही है. 4 से 8 मार्च के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर खासतौर पर पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिलेगा. इसके प्रभाव से हिमालयी राज्यों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना है. होली के बाद तापमान में और वृद्धि दर्ज की जा सकती है.
अगले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. मध्य भारत में भी यही रुझान रहने की संभावना है. छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 2 से 3 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है. पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. यानी देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिलेगा.
4 मार्च को पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में तेज बारिश और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका जताई गई है. असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. बिहार, झारखंड और ओडिशा में हल्की तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे होली के कार्यक्रमों पर असर पड़ सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में होली और उसके बाद मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. हवाओं की रफ्तार 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. सुबह हल्की ठंडक महसूस होगी, लेकिन दोपहर में धूप तेज हो जाएगी और अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है. फिलहाल बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, हालांकि सूखी हवाओं के कारण धूलभरी परिस्थितियां बन सकती हैं.
उत्तर प्रदेश में मौसम दो हिस्सों में बंटा नजर आएगा. पूर्वी यूपी के गोरखपुर, देवरिया, गाजीपुर, आजमगढ़ और मिर्जापुर में हल्की बूंदाबांदी या बादल छाने की संभावना है, जिससे तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट हो सकती है. वहीं पश्चिमी यूपी में तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है. उत्तराखंड में 8 मार्च के बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश शुरू हो सकती है. देहरादून में तापमान 26 डिग्री तक पहुंच सकता है.
बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना कम है, लेकिन तेज हवाएं और बढ़ता तापमान गर्मी का अहसास कराएगा. पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा और भागलपुर में अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री तक जा सकता है. झारखंड में 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
पंजाब और हरियाणा में 4 मार्च को मौसम अचानक बदल सकता है. 40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं और हल्की बारिश के आसार हैं. किसानों को फसलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है.
हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 4 से 8 मार्च के बीच पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेगा. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. मनाली में न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री तक जा सकता है. शिमला और श्रीनगर में भी ठंड बढ़ेगी.
3 चीजें जो घर में नहीं होनी चाहिए, वरना कभी नहीं टिकेगा सुख-शांति और पैसा
मध्य प्रदेश में भोपाल, ग्वालियर, रीवा और इंदौर में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री तक पहुंच सकता है. राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, कोटा और श्रीगंगानगर में भी पारा तेजी से चढ़ेगा. दक्षिण भारत में तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में दोपहर की धूप तेज रहेगी. कुल मिलाकर होली पर देशभर में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिलेगा.


