India Weather Alert: देशभर में होली का उत्साह चरम पर है, लेकिन इसी के साथ मौसम का पारा भी लगातार ऊपर चढ़ रहा है. अधिकांश राज्यों में आसमान साफ है और धूप तेज हो चली है, जबकि कुछ क्षेत्रों में बारिश की बौछारें भी देखने को मिल रही हैं. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान पहाड़ी इलाकों में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय रहेगा. इसका असर मुख्य रूप से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर पड़ेगा. इन इलाकों में बादल गरजने, तेज हवाओं के साथ बारिश होने और ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी की संभावना जताई गई है. बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड दोबारा महसूस की जा सकती है.
हालांकि उत्तराखंड में 7 मार्च तक मौसम सामान्य और साफ बना रहेगा, लेकिन 8 मार्च से कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं. वहीं देश के मैदानी राज्यों दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. दिन में तेज हवाएं चलेंगी, जबकि सुबह और शाम हल्की गुलाबी सर्दी का एहसास बना रहेगा. निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक गुरुवार तक अरुणाचल प्रदेश और केरल के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश हो सकती है. बाकी राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी लोगों को परेशान करेगी.
यूपी और बिहार का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है. दिन के समय तेज हवाएं चल रही हैं और पेड़ों से पत्ते झड़ने लगे हैं, जिससे पतझड़ का असर साफ दिखाई दे रहा है. सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास जरूर होता है, लेकिन दोपहर में धूप के कारण गर्मी महसूस की जा रही है. अगले दो दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और वृद्धि के संकेत हैं. अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है. बिहार में भी मौसम साफ बना हुआ है. यहां दिनभर करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं. बारिश के कोई आसार नहीं हैं और सप्ताह के अंत तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है.
दिल्ली का मौसम और प्रदूषण स्तर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में होली की सुबह हल्की गर्माहट के साथ शुरू हुई. न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पालम में 15.2 डिग्री, लोधी रोड में 14.2 डिग्री, रिज में 16.2 डिग्री और आयानगर में 15.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ. आईएमडी के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. तेज हवाओं के कारण फिलहाल प्रदूषण स्तर में कमी आई है और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘मध्यम’ श्रेणी में बना हुआ है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 0-50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मध्यम’, 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है. अनुमान है कि अगले एक सप्ताह में एक्यूआई और बेहतर हो सकता है.
राजस्थान में बढ़ती तपिश
राजस्थान में मार्च की शुरुआत से ही जून जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है. कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे ऊपर पहुंच गया है. सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण दिन में गर्मी अधिक महसूस हो रही है. हालांकि सुबह हल्की ठंड का असर बना हुआ है. आईएमडी ने फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है. आने वाले दिनों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है, जिससे गर्मी और तीखी हो सकती है.
हिमाचल-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी
3 मार्च की रात से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 5 मार्च तक प्रभावी रहेगा. इसके चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश हो रही है. लद्दाख, पीर पंजाल और शिवालिक की पहाड़ियों पर छिटपुट बर्फबारी की संभावना है. मैदानी इलाकों में इसका खास असर नहीं दिखेगा. मौसम विभाग के अनुसार 7 मार्च से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जो 12 मार्च तक मौसम को प्रभावित कर सकता है. इसके असर से श्रीनगर, मनाली और शिमला सहित कई स्थानों पर वर्षा की गतिविधियां दर्ज होंगी. लाहौल-स्पीति, कुकुमसेरी, ताबो, पहलगाम, गुलमर्ग, सोनमर्ग और रोहतांग जैसे इलाकों में बर्फ गिरने की संभावना है, जिससे एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है.
क्या ईरान को मिला नया सुप्रीम लीडर? मोज्तबा खामेनेई को लेकर अटकलों का बाजार गर्म
उत्तराखंड में भी 8 मार्च से बादलों की आवाजाही शुरू होगी और ऊंचाई वाले स्थानों पर बारिश एवं बर्फबारी रिकॉर्ड की जा सकती है. हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी. कुल मिलाकर देश में होली के रंगों के बीच मौसम भी अलग-अलग रंग दिखा रहा है. कहीं धूप और गर्मी, तो कहीं बारिश और बर्फबारी.


