Noida Banghel Elevated Road: नोएडा में ट्रैफिक जाम से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है.दादरी-सूरजपुर-छलेरा रोड (DSC Road) पर बने भंगेल एलिवेटेड रोड से कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है. सेक्टर-49 और सेक्टर-107 चौराहे के पास चार नए लूप बनाए जाएंगे, जिससे आसपास के कई सेक्टर सीधे एलिवेटेड रोड से जुड़ सकेंगे.
‘IAS फैक्ट्री’ कहलाता यूपी का ये गांव, यहां मां सरस्वती करती हैं वास!
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये चारों लूप सेक्टर-49 और सेक्टर-107 के चौराहे के पास सेवन एक्स सोसायटी की दिशा में बनाए जाएंगे. इनके निर्माण के लिए करीब 67 करोड़ 2 लाख 30 हजार रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया है. प्राधिकरण जल्द ही इसका टेंडर जारी करेगा, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा.
दरअसल, डीएससी रोड पर बना 4.5 किलोमीटर लंबा भंगेल एलिवेटेड रोड Agahpur (सेक्टर-41) से लेकर Noida Phase‑2 के नाले के पास तक जाता है. इसे लोगों की मांग के बाद 18 नवंबर 2025 को ट्रैफिक के लिए खोल दिया गया था, हालांकि इसका औपचारिक उद्घाटन अभी तक नहीं हो पाया है.
वर्तमान में कई सेक्टरों के लोगों को एलिवेटेड रोड पर चढ़ने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे समय और ट्रैफिक दोनों की समस्या होती है. नए लूप बनने के बाद यह सफर सिर्फ 5 से 10 मिनट में पूरा हो सकेगा. इन लूप्स के बनने से सेक्टर-74, 75, 76, 77 और 78 समेत आसपास के कई आवासीय इलाकों के लोगों को सीधे एलिवेटेड रोड पर चढ़ने-उतरने की सुविधा मिल जाएगी. इससे सेक्टरों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और हजारों लोगों का रोजाना सफर आसान हो जाएगा.
इसके साथ ही एलिवेटेड रोड के नीचे बनी 4.5 किलोमीटर लंबी दादरी रोड की मरम्मत का काम भी शुरू कर दिया गया है. माना जा रहा है कि यह काम जून 2026 तक पूरा हो सकता है. भंगेल एलिवेटेड रोड डीएससी मार्ग का एक अहम हिस्सा है. इसके बनने से भंगेल और आसपास की सोसाइटियों व कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को पहले ही काफी राहत मिली है, और अब नए लूप बनने के बाद यहां की ट्रैफिक व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है.


