LPG Price Today: ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते वैश्विक तनाव का असर अब सीधे आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है. देशभर में एलपीजी सिलेंडर को लेकर हलचल तेज हो गई है. कई जगहों पर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं, तो कहीं सिलेंडर बुकिंग में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं. ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए जरूरी है कि वे गैस लेने से पहले अपने शहर के ताजा रेट जरूर चेक कर लें.
अगर आज के रेट की बात करें तो राजधानी दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत ₹913 है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर ₹1,884.50 में मिल रहा है. मुंबई में घरेलू सिलेंडर ₹912.50 और कमर्शियल ₹1,836 है. कोलकाता में घरेलू कीमत ₹939 और कमर्शियल ₹1,988.50 तक पहुंच गई है. वहीं चेन्नई में यह ₹928.50 (घरेलू) और ₹2,043.50 (कमर्शियल) है. हैदराबाद, लखनऊ, बेंगलुरु और पटना जैसे शहरों में भी कीमतों में अंतर देखने को मिल रहा है, जहां कुछ जगहों पर घरेलू सिलेंडर ₹1,000 के पार जा चुका है.
यूपी किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, 60 हजार जमा करें, खेत में लगवाएं सरकारी ट्यूबवेल
बढ़ती मांग और सप्लाई को संतुलित रखने के लिए सरकार ने एलपीजी बुकिंग के नियमों में सख्ती कर दी है. अब एक सिलेंडर लेने के बाद दूसरे की बुकिंग के बीच 21 से 25 दिनों का अंतर अनिवार्य किया गया है. ग्रामीण क्षेत्रों में यह अंतर 45 दिन तक हो सकता है. इसके अलावा, जो उपभोक्ता पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) का उपयोग कर रहे हैं, उन्हें एलपीजी सिलेंडर लेने की अनुमति नहीं होगी. इन कदमों का उद्देश्य गैस की उपलब्धता को नियंत्रित करना है.
हाल के दिनों में कुछ राज्यों में अफवाहों के कारण लोगों ने जरूरत से ज्यादा गैस और पेट्रोल खरीदना शुरू कर दिया, जिससे पंप और एजेंसियों पर भीड़ बढ़ गई. इस पर सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की है कि वे पैनिक बाइंग से बचें और केवल जरूरत के अनुसार ही खरीदारी करें.
सरकार घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए सप्लाई सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है. मार्च महीने में करीब 2.9 लाख नए गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं. साथ ही होटल, रेस्टोरेंट और कैंटीन जैसे कमर्शियल उपभोक्ताओं को PNG अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि एलपीजी पर दबाव कम किया जा सके.
कमर्शियल और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए फिलहाल गैस सप्लाई सीमित कर दी गई है, हालांकि जरूरत के हिसाब से इसे धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है. वहीं सरकार ने यह भी भरोसा दिलाया है कि पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के बावजूद भारत आने वाले एलपीजी जहाज सुरक्षित हैं और सभी बंदरगाह सामान्य रूप से काम कर रहे हैं.
एलपीजी की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए देशभर में सख्त कार्रवाई की जा रही है. हजारों छापेमारी के जरिए कई सिलेंडर जब्त किए गए हैं और एजेंसियों को नोटिस जारी किए गए हैं.
होली की सौगात या अधूरी राहत? दिल्ली-यूपी में मुफ्त सिलेंडर का ऐलान, लेकिन सबको नहीं मिलेगा फायदा!
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वैश्विक तनाव जारी रहता है, तो कच्चे तेल और गैस की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका असर भारत में एलपीजी की कीमतों पर भी पड़ेगा. ऐसे में 1 अप्रैल के आसपास कीमतों में बदलाव आम लोगों के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है.


