UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है. प्रदेश के कई हिस्सों में एक तरफ धूल भरी आंधी और बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं दूसरी ओर अब भीषण गर्मी और हीट वेव का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है. बुधवार को आए तेज तूफान और खराब मौसम ने प्रदेश में भारी तबाही मचाई, जिसमें 90 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए. अब मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान जताया है. विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है.
कहीं आप भी नकली सरसों तेल तो नहीं खरीद रहे? घर पर ऐसे करें असली और मिलावटी तेल की पहचान
आज मौसम रहेगा साफ, बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार 15 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों संभागों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहेगा और तेज धूप निकलेगी. बारिश और आंधी का कोई विशेष अनुमान नहीं है. मौसम साफ रहने के कारण दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के कुछ जिलों में हीट वेव का यलो अलर्ट भी जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्म हवाओं का असर और तेज होगा.
बुंदेलखंड के जिलों में हीट वेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने बुंदेलखंड क्षेत्र के कई जिलों में हीट वेव को लेकर चेतावनी जारी की है. झांसी, महोबा, हमीरपुर, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट और कौशांबी में शुक्रवार को उष्ण लहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में दिन के समय तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं.
प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है. खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने को कहा गया है. लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है.
18 मई तक मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 18 मई तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान गर्म हवाओं का असर लगातार जारी रहेगा. अगले 5 से 6 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. ऐसे में कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की संभावना जताई गई है. दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को गर्म रातों का सामना करना पड़ सकता है.
हालांकि 19 मई को पूर्वांचल के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है, लेकिन इससे गर्मी में किसी बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है.
फेंके हुए जूतों से शुरू किया काम, आज बना 3 करोड़ का बिजनेस! दो दोस्तों की Startup Story वायरल
बांदा रहा प्रदेश का सबसे गर्म जिला
बीते 24 घंटों के दौरान बांदा उत्तर प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया. यहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है. इसके अलावा झांसी में 44.5 डिग्री, प्रयागराज में 43.5 डिग्री, हमीरपुर में 43.2 डिग्री और उरई में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
राजधानी लखनऊ में भी तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है. यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है.


