Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अधिकांश राज्यों में सूरज की तेज तपिश और गर्म हवाओं ने हालात बेहद कठिन बना दिए हैं. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कई दिनों तक लू का असर जारी रह सकता है. इसी बीच 21 से 22 मई के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लेह और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में तेज अंधड़, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि व बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
दूसरी ओर, मैदानी राज्यों में गर्मी का असर और तेज होने का अनुमान है. हालांकि मौसम विभाग ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और बिहार के सीमावर्ती जिलों में अगले 24 घंटे बाद धूल भरी आंधी, बादल छाने और हल्की बारिश के साथ बिजली चमकने की संभावना जताई है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में तापमान बढ़ने और भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की गई है. स्काईमेट के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में साइक्लोनिक सर्कुलेशन मजबूत होने से तेज हवाएं और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु, केरल और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
यूपी में लू का कहर, बांदा सबसे गर्म
उत्तर प्रदेश में गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रदेश के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, जबकि बुंदेलखंड क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहा है. बांदा देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है.
इसके अलावा कानपुर, कानपुर देहात, प्रयागराज, हमीरपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, सोनभद्र, भदोही, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, प्रतापगढ़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कासगंज, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. फिलहाल राज्य में बारिश की संभावना नहीं दिखाई दे रही है, लेकिन 23 मई से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है.
बिहार में गर्मी के बीच बारिश और ठनके का अलर्ट
बिहार के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है. कई जिलों में लू चलने लगी है और तापमान लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने पांच जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. हालांकि नेपाल और पश्चिम बंगाल से सटे इलाकों में धूल भरी आंधी, बारिश और ठनका गिरने की चेतावनी दी गई है.
आईएमडी के अनुसार 21 मई को कोसी, पूर्वी बिहार और उत्तर बिहार में मौसम खराब रह सकता है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, समस्तीपुर, बांका, नवादा, किशनगंज, अररिया, कटिहार, सीतामढ़ी, वैशाली, शिवहर, नालंदा, जहानाबाद, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, सहरसा, खगड़िया, जमुई, मधेपुरा और सुपौल में आंधी, बारिश, बिजली चमकने और ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है. बुधवार की सुबह इस सीजन की सबसे गर्म सुबहों में शामिल रही. न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया.
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भीषण गर्मी और लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हालांकि 22 मई की रात से आंशिक बादल छाने, धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है. प्रदूषण के स्तर में भी मामूली सुधार देखा गया है. जहां एक दिन पहले एक्यूआई 200 के पार था, वहीं अब यह घटकर 180 पर पहुंच गया है.
हरियाणा और पंजाब में गर्म हवाओं का असर
हरियाणा और पंजाब में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है. कई जिलों में पारा 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है. गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा. हालांकि 22 मई से हिसार, सिरसा, भिवानी, फतेहाबाद और रेवाड़ी समेत कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है. स्काईमेट ने इन क्षेत्रों में बादल छाने, तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है.
राजस्थान में लू और धूलभरी हवाओं का अलर्ट
राजस्थान के अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी का असर बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार अगले कई दिनों तक लू और तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है. जयपुर मौसम केंद्र ने बताया कि राज्य के अधिकतर हिस्सों में एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रह सकता है.
पश्चिमी राजस्थान और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में रात के समय भी गर्म हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान में अगले तीन से चार दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है. चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि 22 मई की रात से गंगानगर, हनुमानगढ़ और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में मेघगर्जन, हल्की बारिश और धूलभरी आंधी की संभावना जताई गई है.
भारत को मिला Marine Defence Technology में बड़ा Boost
उत्तराखंड के पहाड़ों में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में तापमान लगातार बढ़ रहा है. हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. वहीं नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है.
अल्मोड़ा, चंपावत, टिहरी गढ़वाल और चमोली में तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 21 मई की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी में तेज अंधड़, बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि हो सकती है.
हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बदलेगा मौसम
हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी के कारण कई इलाकों में हीटवेव जैसे हालात बन गए हैं. शिमला मौसम विभाग ने शिमला, कांगड़ा, चंबा और सोलन में लू का अलर्ट जारी किया है. 22 मई से नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है. 22 और 23 मई को कांगड़ा, चंबा, मंडी और शिमला में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और बारिश होने की संभावना है. 25 मई को प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
दक्षिण भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज
दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है. साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से लक्षद्वीप, अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और पश्चिमी घाट के इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने तटीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. अंडमान में मानसून पहुंच चुका है और इसके प्रभाव से महाराष्ट्र के रत्नागिरी समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मुंबई और गोवा में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
पूर्वोत्तर भारत में तूफान और भारी बारिश का अनुमान
पूर्वोत्तर भारत में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, पूर्वी बिहार और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज आंधी और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है.
हालांकि कुछ हिस्सों में तापमान बढ़ने और गर्मी बढ़ने के भी संकेत हैं. मौसम विशेषज्ञ इन गतिविधियों को बेहतर मानसून के संकेत के रूप में देख रहे हैं.
गर्मी से राहत चाहिए? Rishikesh के पास मौजूद ये Waterfalls हैं Perfect Destination
तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश का दौर जारी
तमिलनाडु और पुडुचेरी के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने नीलगिरि, थेनी, कोयंबटूर, इरोड और डिंडीगुल में भारी बारिश का अनुमान जताया है. चेन्नई के कई हिस्सों में भी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है.
पुडुचेरी के उझावरकरई, लॉस्पेट, मुथियालपेट, कोरिमेडु, बहौर, उसुदु, मन्नादीपेट और थिरुकनूर में गरज-चमक और बिजली के साथ तेज बारिश की संभावना है. वहीं चेन्नई मीनाम्बक्कम, वेल्लोर, इरोड, मदुरै एयरपोर्ट और तिरुचिरापल्ली में तेज गर्मी बनी रह सकती है.
aa

