UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिलहाल लोगों को राहत देने के मूड में नजर नहीं आ रहा है. तेज धूप, बढ़ता तापमान और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सुबह से ही तेज गर्म हवाएं चल रही हैं, जबकि दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 5 से 6 दिनों तक गर्मी और हीटवेव का असर बना रहेगा. हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है और कई जिलों में बारिश हो सकती है.
जहां सांस लेना मुश्किल, वहां BSF की बेटियों ने गाया ‘वंदे मातरम’ और रचा इतिहास
पूर्वांचल और बुंदेलखंड में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 मई 2026 के लिए प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. चंदौली, मिर्जापुर, वाराणसी, संत रविदास नगर, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट, फतेहपुर और बांदा में भीषण गर्मी और लू का गंभीर असर देखने को मिल सकता है. इन जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलने में परेशानी हो रही है.
कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, गर्म रातें भी बढ़ा रहीं परेशानी
सोनभद्र, गाजीपुर, जौनपुर, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, कानपुर देहात, कन्नौज, मैनपुरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में हीटवेव और गर्म रातों को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन के साथ-साथ रात में भी तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है.
नोएडा-गाजियाबाद समेत पश्चिमी यूपी में आंधी और गर्जन की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गर्मी के साथ मौसम बदलने के संकेत भी मिल रहे हैं. गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली समेत कई जिलों में तेज हवाओं और गर्जन को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है. इसके अलावा मथुरा, एटा, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा और औरैया में भी हीटवेव के साथ गर्जन की संभावना जताई गई है.
राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, बलिया, मऊ, अयोध्या, बहराइच और लखीमपुर खीरी में हीटवेव और गर्म रातों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
लखनऊ मौसम केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई प्रभावी मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है. दक्षिणी हिस्सों से आ रही गर्म और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है.
6 दिन बाद बदल सकता है मौसम
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले तीन दिनों के लिए कई इलाकों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा. वहीं पंजाब से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान तक बनी द्रोणी रेखा के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन, तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है.
घूमना, खाना और शॉपिंग… मुरादाबाद की ये 5 जगहें बना देंगी ट्रिप यादगार
उन्होंने बताया कि करीब 6 दिन बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है. जिन क्षेत्रों में बारिश नहीं भी होगी, वहां भी तापमान में कुछ कमी आने के आसार हैं.
aa

