Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय परिसर में ‘क्लीन एंड ग्रीन कैंपस’ की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से एक वृहद एवं सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया. विश्वविद्यालय एवं नगर निगम, अयोध्या के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व स्वयं कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने किया. अभियान के दौरान कुलपति ने न केवल मार्गदर्शन किया, बल्कि खुद परिसर की सफाई में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए झाड़ू थामी और श्रमदान कर सभी के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया.
अवध विश्वविद्यालय परिसर को ‘तंबाकू मुक्त’ बनाने का संकल्प, कुलपति प्रो. बिजेंद्र सिंह ने दिलाई शपथ
स्वच्छता दैनिक जीवन का संकल्प हो: कुलपति
अभियान के उपरांत उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि अयोध्या एक पावन धर्मनगरी है, जिसकी गरिमा और वैश्विक पहचान को देखते हुए यहाँ की स्वच्छता का स्तर भी उच्च कोटि का होना चाहिए. विश्वविद्यालय इस पावन नगरी का एक महत्वपूर्ण उच्च शिक्षा का केंद्र है, इसलिए परिसर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है.”
कुलपति ने सभी से आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल एक दिन के कार्यक्रम के रूप में न देखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन के संकल्प के रूप में स्वीकार करें. जब हर छात्र, शिक्षक और कर्मचारी सजग होकर परिसर को स्वच्छ रखने का प्रण लेगा, तभी हम विश्वविद्यालय परिसर और इस पावन नगरी को आदर्श रूप दे पाएंगे.
प्लास्टिक अपशिष्ट और कूड़े का हुआ सुरक्षित निस्तारण
अभियान के तहत विश्वविद्यालय परिवार और नगर निगम ने मिलकर हाथ बढ़ाया. इस दौरान परिसर के विभिन्न विभागों, प्रशासनिक भवन के आसपास के क्षेत्रों तथा मुख्य मार्गों पर सघन सफाई की गई. परिसर से भारी मात्रा में प्लास्टिक अपशिष्ट और कूड़े-कचरे को हटाकर उसका सुरक्षित निस्तारण किया गया.
कौन कौन मौजूद रहा?
इस अवसर पर मुख्य नियंता प्रो. एस एस मिश्र, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह, अधिष्ठाता कला संकाय प्रो. मृदुला मिश्रा प्रो आशुतोष सिन्हा, प्रो. शैलेंद्र कुमार वर्मा, प्रो. विनोद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. अभिषेक सिंह, डॉ. राजेश कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र, धर्मराज, रामाशीष सहित एनसीसी कैडेट्स के साथ विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा यूनिट उपस्थित रही.


