Dimple Choudhary Video Viral: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी स्टेज डांसर डिंपल चौधरी के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की गई. मंच पर युवक की इस ओछी हरकत से गुस्साए डांसर ने आव देखा न ताव और सबके सामने युवक को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
Ayodhya News: अवध विश्वविद्यालय में 30 दिन का स्वच्छता अभियान शुरू, परिसर को बनाया जाएगा मॉडल कैंपस
जन्मदिन समारोह में हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना हाथरस के सासनी क्षेत्र की है. बीते 3 जून को यहां एक बर्थडे पार्टी का आयोजन किया गया था, जिसमें रागनी महाशय उदल एंड पार्टी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा गया था. इसी कार्यक्रम में मशहूर डांसर डिंपल चौधरी अपनी प्रस्तुति दे रही थीं और उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ जुटी हुई थी.
युवक ने की अशोभनीय हरकत, मिला करारा जवाब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब डिंपल चौधरी मंच पर डांस कर रही थीं, तभी लाल रंग की कैप पहने एक युवक सुरक्षा घेरा तोड़कर अचानक स्टेज पर चढ़ गया. आरोप है कि युवक ने डांसर के करीब जाकर उनसे बदसलूकी की और उन्हें अनुचित तरीके से छूने की कोशिश की. युवक की इस हरकत पर डिंपल चौधरी तुरंत भड़क गईं और उन्होंने मंच पर ही उसे थप्पड़ मार दिया.
एक मिनट में धो दूंगी… मंच से दी चेतावनी
थप्पड़ मारने के बाद डिंपल ने तुरंत हाथ में माइक थाम लिया और मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने वहां मौजूद भीड़ और आयोजनों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुति देने आते हैं, इसका मतलब यह नहीं कि कोई भी व्यक्ति उन्हें कहीं भी हाथ लगाए. अगर आगे से कहीं भी हाथ लगाया, तो एक मिनट में धो दूंगी.
कार्यक्रम बीच में छोड़ा, सोशल मीडिया पर चर्चा तेज
इस अप्रिय घटना के बाद डांसर ने अपनी परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दी और मंच छोड़कर चली गईं. बाद में डिंपल चौधरी ने खुद इस घटना का वीडियो अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जिसके बाद से यह मामला टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है. वीडियो वायरल होने के बाद नेटिजन्स डिंपल चौधरी के इस साहसिक कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं और मंच पर कलाकारों (विशेषकर महिला कलाकारों) की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, रिपोर्ट लिखे जाने तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी मचा दी है.


