Hathras Road Project 2026-27: हाथरस जिले में वर्ष 2026-27 के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने 701 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण और सुधार की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है. इसके लिए 1132 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. कार्ययोजना में कुल 370 सड़क परियोजनाएं शामिल हैं, जिनका उद्देश्य जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बेहतर संपर्क सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा आवागमन को अधिक सुगम बनाना है.
प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य जिले की तीनों प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों हाथरस, सादाबाद और सिकंदराराऊ में कराए जाएंगे. योजना को अंतिम रूप देकर जिलाधिकारी अतुल वत्स के हस्ताक्षर के साथ शासन को भेज दिया गया है. विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस योजना को मंजूरी मिल जाएगी, जिससे बजट जारी होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से शुरू किया जा सकेगा.
सादाबाद विधानसभा क्षेत्र को इस योजना में सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है. यहां 150 सड़क परियोजनाओं का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिन पर लगभग 324 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के गांवों और कस्बों की सड़क संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिल सकेंगी.
525 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान
हाथरस विधानसभा क्षेत्र में कुल 123 सड़क निर्माण और सुधार कार्य प्रस्तावित किए गए हैं. यहां लगभग 258 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा, जिस पर करीब 525 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. यह क्षेत्र योजना का सबसे बड़ा हिस्सा है, जहां सड़क नेटवर्क को आधुनिक और सुरक्षित बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है.
197 किलोमीटर सड़कों का निर्माण
सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र में 97 विकास कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया गया है. यहां करीब 197 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य प्रस्तावित है, जिस पर लगभग 281 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इन परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के दूरस्थ गांवों को बेहतर सड़क सुविधाओं से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है.
12 किलोमीटर लंबे बाइपास
कार्ययोजना में एक महत्वपूर्ण बाइपास परियोजना भी शामिल की गई है. हाथरस विधानसभा क्षेत्र में नगला भुस से केलोरा तक लगभग 12 किलोमीटर लंबे बाइपास के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है. इस बाइपास के बनने से शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होगा और भारी वाहनों की आवाजाही अधिक सुगम तथा सुरक्षित बन सकेगी.
मेरठ: दिल्ली और हापुड़ रोड को जोड़ने वाले नए बाईपास का निर्माण शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति
योगी सरकार के कार्यकाल में हाथरस जिले में सड़क निर्माण पर पहले ही 400 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन सड़क नेटवर्क की व्यापक जरूरतों को देखते हुए नई कार्ययोजना तैयार की गई है. विभाग का मानना है कि 1132 करोड़ रुपये की यह योजना जिले के विकास को नई गति देगी और आने वाले वर्षों में परिवहन, व्यापार तथा ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाएगी.


