जालौन (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की कदौरा थाना पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली है. पकड़े गए चारों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हुआ अंतिम संस्कार
इस वारदात के बाद पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश था. पुलिसिया कार्रवाई में देरी से नाराज मृतक महिला के परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया था. हालांकि, जब पुलिस ने नामजद आरोपियों को दबोच लिया, तब जाकर करीब 24 घंटे बाद परिजन शांत हुए और महिला का अंतिम संस्कार किया गया.
यह पूरी कार्रवाई जालौन के पुलिस अधीक्षक (SP) विनय कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ईशान सोनी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत की गई है.
क्या है पूरा मामला?
यह सनसनीखेज मामला 12 जून का है. कदौरा थाना क्षेत्र के रहने वाले वादी लालाराम ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनकी पत्नी कमला, बेटों वीरेंद्र व रोहित, बहू शशिप्रभा और नाती अंकित के साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की. इस खूनी संघर्ष के दौरान बहू शशिप्रभा के सिर पर पत्थर (ईंट) लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
घायल शशिप्रभा को तुरंत इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. महिला की मौत के बाद कदौरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी.
रात में चेकिंग के दौरान धरे गए आरोपी
कदौरा थाना पुलिस की टीम लगातार फरार चल रहे आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी. 12 जून की रात चेकिंग और नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने चारों नामजद अभियुक्तों को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया.
राम मंदिर दान पात्र गबन मामला, युवक हिरासत में, गणना से जुड़े कई कर्मचारी जांच के दायरे में
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान, रामपाल (57 वर्ष) पुत्र होरीदीन, दयाराम (55 वर्ष) पुत्र होरीदीन, हलकू उर्फ विजय (38 वर्ष) पुत्र रामविलास, बबूल (45 वर्ष) पुत्र रामविलास के रूप में हुई है. अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) ईशान सोनी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी ईंट बरामद कर ली है और मामले की आगे की कानूनी जांच जारी है.


